सुपारी किलिंग का खुलासा: मिंटू ने फैज को दी थी समीर की हत्या की सुपारी

समीर हत्याकांड में मुख्य आरोपी सहित पांच गिरफ्तार

समीर हत्याकांड में मुख्य आरोपी सहित पांच गिरफ्तार प्रतिनिधि, मेदिनीनगर शहर के बस स्टैंड रोड स्थित हीरो शोरूम के सामने शताब्दी मार्केट में राजा बस के कार्यालय में हुए चर्चित गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस घटना में मोहम्मद समीर उर्फ गुडू खलीफा की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी फैज खान सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक बाइक और 39 हजार 400 रुपये नकद बरामद किये हैं. पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि दो अप्रैल की रात करीब 10:40 बजे फैज खान और उसके सहयोगियों ने समीर को सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी थी. मामले के उद्भेदन के लिए एसडीपीओ राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस लगातार मुख्य आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही थी. इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि फैज खान पांकी थाना क्षेत्र के टइया गांव में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस ने वहां घेराबंदी कर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें फैज खान के पैर में गोली लग गयी. घायल अवस्था में उसे तत्काल इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आदर्श कुमार उर्फ धौनी और तारिक शाह उर्फ मनान शाह को खदेड़कर पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. जमीन विवाद में दी गयी थी सुपारी एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि इस हत्याकांड के पीछे जमीन विवाद मुख्य कारण था. आरोपी इजराइल आजाद उर्फ मिंटू का मृतक समीर के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर मिंटू और उसके सहयोगी शहजाद आलम उर्फ विक्की राइन ने फैज खान को समीर की हत्या के लिए दो लाख रुपये की सुपारी दी थी. पुलिस को गुमराह करने के लिए मिंटू ने घटना के बाद फर्द बयान भी दिया था, ताकि संदेह उस पर न जाये. हालांकि जांच के दौरान सच्चाई सामने आ गयी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विक्की राइन और इजराईल उर्फ मिंटू को भी गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में सभी आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस ने सुपारी की बची हुई 39 हजार 400 रुपये की राशि भी बरामद कर ली है. एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी फैज खान पर हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं. वहीं इजराईल उर्फ मिंटू और विक्की राइन पर आर्म्स एक्ट के मामले तथा तारिक शाह उर्फ मनान पर हत्या से संबंधित मामले दर्ज हैं. सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है. फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akarsh aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >