मेदिनीनगर की सड़कों और गलियों में भरा पानी, जलजमाव ने खोली नगर निगम की पोल

मेदिनीनगर में झमाझम बारिश से गर्मी से राहत मिली, लेकिन जलजमाव ने नगर निगम की पोल खोल दी। सड़कों और घरों में गंदा पानी भरने से लोग परेशान हैं।

प्रतिनिधि, मेदिनीनगर. पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई. बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी, उमस और तेज धूप से राहत मिली. बारिश से किसानों और आम लोगों में खुशी देखी गयी. हालांकि, तेज बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. नालों और नालियों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गयी. सड़कों और गलियों में पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा.

कई सड़कों पर जमा हुआ पानी

बारिश के बाद शहर के मुख्य मार्गों के अलावा छह मुहान के पास सड़क के गड्ढों में पानी भर गया. इससे छोटे वाहनों के परिचालन में परेशानी हुई. छह मुहान से सुदना-बैरिया मार्ग, बैरिया चौक, शाहपुर विवेकानंद चौक और चैनपुर के अकड़ाही मोड़ समेत कई स्थानों पर जर्जर सड़कों के गड्ढों में पानी जमा रहा. बस स्टैंड से जेलहाता रोड तक भी कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति बनी रही. इस दौरान कई घरों में गंदा पानी प्रवेश कर गया. लोगों को घर से बाहर निकलने में भी परेशानी हुई.

नालों की गंदगी सड़क पर बही

बारिश के बाद कई मोहल्लों में नाले और नालियों की गंदगी सड़क पर बहती नजर आयी. बैंक कॉलोनी और पहाड़ी मोहल्ला के गम्हेल रोड पर जलजमाव और गंदगी के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हुई. कई मोहल्लों में दर्जनों घरों में बारिश का पानी घुस गया. एसओ पेट्रोल पंप के पास सड़क पर पानी का तेज बहाव रहा. वहीं, जेलहाता स्थित विश्वनाथ ओझा के आवास रोड पर भी काफी देर तक जलजमाव की स्थिति बनी रही.

ये भी पढ़ें: नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय में 11 एसी की खरीद पर आपसू और एनएसयूआइ ने उठाये सवाल, ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर जांच की मांग

शहर में जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण बारिश होते ही जलजमाव की समस्या सामने आ जाती है. नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से बारिश का पानी आसानी से नहीं निकल पाता है. इससे लोगों को हर बारिश में परेशानी झेलनी पड़ती है. लोगों ने नगर निगम प्रशासन से नालों और नालियों की नियमित सफाई कराने तथा जल निकासी की व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि आने वाले दिनों में बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >