मेदिनीनगर, पलामू : रक्षाबंधन पर्व को लेकर मेदिनीनगर शहर के बाजारों में खरीदारी का उत्साह चरम पर है. सोमवार को शहर की विभिन्न राखी दुकानों पर महिलाओं, युवतियों और बच्चों की भीड़ देखने को मिली. रंग-बिरंगी, डिजाइनर, स्टोन और कार्टून थीम वाली राखियों की मांग सबसे अधिक रही.
राखी दुकानदारों के अनुसार इस वर्ष पारंपरिक राखियों के साथ आकर्षक और आधुनिक डिजाइन वाली राखियां भी ग्राहकों को खूब पसंद आ रही हैं. बाजार में 10 से लेकर 500 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं. ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार राखियों की खरीदारी कर रहे हैं.
राखी के साथ मिठाई, उपहार और पूजा सामग्री की दुकानों पर भी अच्छी बिक्री हो रही है. पर्व को लेकर बाजार में बढ़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गयी है, ताकि खरीदारी के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
व्यापारियों को उम्मीद है कि रक्षाबंधन तक बाजार में खरीदारी और बिक्री में और तेजी आयेगी.
