अहंकार छोड़कर सभी जीवों के प्रति रखें सहज भाव, उत्तम मार्दव धर्म का हुआ विवेचन

मेदिनीनगर में पर्यूषण महापर्व को लेकर जैन धर्मावलंबियों में उत्साह है. उत्तम मार्दव धर्म के उपलक्ष्य में अहंकार का त्याग और विनम्रता की सीख दी गई. महिला मंडल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया.

मेदिनीनगर. पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर शहर के पंचमुहान चौक स्थित पर्वाधीराज पर्यूषण महापर्व को लेकर जैन धर्मावलंबियों में खासा उत्साह है. 10 लक्षण महापर्व के दूसरे दिन गुरुवार को उत्तम मार्दव धर्म का विधान हुआ. जैन धर्मावलंबी पूजा और भक्ति के आनंद में डूबे रहे. सुबह भगवान श्रीजी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी. शांतिधारा का सौभाग्य सुभाष कुमार, सुनील कुमार और राजीव कुमार रारा को प्राप्त हुआ. वहीं, पाठशाला परिवार के बच्चों ने भगवान श्रीजी का प्रथम अभिषेक किया.

राजस्थान के सांगानेर से पधारे विद्वान पंडित आदिश जैन शास्त्री ने पूजा विधान संपन्न कराया.

अहंकार का त्याग सिखाता है मार्दव धर्म

प्रवचन के दौरान दस लक्षण महापर्व के उत्तम मार्दव धर्म का विवेचन किया गया. विद्वान पंडित आदिश जैन शास्त्री ने उत्तम मार्दव धर्म की व्याख्या करते हुए आध्यात्मिक संदेश दिया. उन्होंने बताया कि यह धर्म अहंकार का पूर्ण त्याग कर कोमलता और विनम्रता की सीख देता है. उत्तम मार्दव धर्म का मतलब मृदुता, सरलता या स्वभाव की कोमलता का भाव जागृत करना है.

धन, बल और ज्ञान के अभिमान का करें त्याग

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को धन, बल, ज्ञान, रूप या कुल के कारण मन में उत्पन्न होने वाले अभिमान का त्याग करना चाहिये. इस धर्म से यह शिक्षा मिलती है कि व्यक्ति को स्वयं को श्रेष्ठ न मानकर सभी जीवों के प्रति आदर और सहज भाव रखना चाहिये.

विनम्रता से आती है करुणा और दया

उन्होंने कहा कि अहंकार मनुष्य को कठोर और क्रूर बनाता है, जबकि मार्दव धर्म हृदय को कोमल बनाकर करुणा और दया का संचार करता है. विनम्रता ही सभी गुणों और विद्याओं का मूल है, जो मार्दव धर्म से ही प्रकट होता है.

महिला मंडल ने प्रस्तुत किया सांस्कृतिक कार्यक्रम

शाम में आरती के बाद जैन महिला मंडल के सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया. मौके पर सुरेश जैन, सरस जैन, सागर जैन, विनय जैन, अनिल जैन, बबीता काला, रोहित जैन, मनोज पहाड़िया सहित जैन समाज के महिला-पुरुष मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >