केंद्रीय विद्यालय के परिसर में कार्यक्रमफोटो 11 डालपीएच 14
पलामू,मेदिनीनगर. हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला कैंट स्थित केंद्रीय विद्यालय के परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि विश्व व्यापी पर्यावरण संरक्षण अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वन राखी मूवमेंट के प्रणेता डॉ कौशल किशोर जायसवाल मौजूद थे. श्री जायसवाल ने कन्या पूजन, पर्यावरण धर्म की प्रार्थना व पौधा रोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की. उन्होंने बताया कि इस वर्ष वन राखी मूवमेंट अपनी स्वर्ण जयंती मना रहा है. इस अवसर पर स्कूल परिसर में लगे वृक्षों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया गया.
डॉ कौशल ने बच्चों को पर्यावरण धर्म के मूल मंत्रों को जीवन में उतारने की शपथ दिलायी
डॉ कौशल ने वहां मौजूद सभी छात्र-छात्राओं को पर्यावरण धर्म के आठ मूल मंत्रों को जीवन में उतारने की शपथ दिलायी. उन्होंने बताया कि वन राखी आंदोलन के 50 वर्ष पूरे होने की खुशी में देश-विदेश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में भी इस मुहिम को बड़े स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिस तरह देश के वीर शहीदों ने अंग्रेजी हुकूमत से लड़कर हमें आजादी दिलायी थी, ठीक उसी तरह आज की पीढ़ी को प्रदूषण से जुझना पड़ेगा. इस लड़ाई को जीतने के लिए समाज के हर वर्ग, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को पर्यावरण धर्म से जुड़ना होगा. उन्होंने देश को प्रदूषण से बचाने के लिए हर व्यक्ति से पौधारोपण करने का अपील किया. समारोह के दौरान स्कूल के प्राचार्य सुनील चौहान ने डॉ कौशल किशोर जायसवाल के पर्यावरण के प्रति किये गये ऐतिहासिक प्रयासों की जमकर तारीफ की. कार्यक्रम में पंचकूला और कुल्लू के केंद्रीय विद्यालयों से आये शिक्षकों ने भी डॉ. कौशल को अपने-अपने संस्थानों में आने का न्योता दिया. इस खास मौके पर रक्षा जारियाल, प्रज्ञा प्रागुण, सूरज जायसवाल, सचिन शर्मा, साहिल शर्मा सहित विद्यालय के तमाम शिक्षक-शिक्षिकाएं और भारी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: ऑक्सीजन प्लांट के उद्घाटन बाद ऑक्सीजन मिलने की थी उम्मीद लेकिन पांच वर्षों के बाद भी बंद हैं प्लांट
