पलामू : जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में हुई गड़बड़ी के मामले में कोर्ट द्वारा पलामू के रहने वाले दो लोगों के खिलाफ वारंट निर्गत किया गया है. इस वारंट के आलोक में बुधवार को पलामू में रविशंकर और शिक्षक संतोष कुमार सिंह के ठिकानों पर दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की गयी. हालांकि, दोनों ही आरोपी मौके पर नहीं मिले, जिसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सख्त निर्देश देते हुए आरोपियों को जल्द से जल्द कोर्ट में हाजिर करने को कहा है.
संयुक्त रूप से की गयी तलाशी
मिली जानकारी के अनुसार कोर्ट से जारी वारंट के आधार पर बुधवार को सीआईडी और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर स्थित रविशंकर कुमार के आवास और हमीदगंज स्थित संतोष कुमार सिंह के घर पर सघन तलाशी ली. छापेमारी के दौरान दोनों आरोपी फरार पाए गए. इसके बाद जांच टीम ने हनुमान नगर में रवि शंकर कुमार के माता-पिता तथा हमीदगंज में आरोपी शिक्षक के ससुर को कड़ी चेतावनी दी कि वे दोनों आरोपियों को अविलंब अदालत में पेश होने का निर्देश दें.
पूर्व में भी मिले थे अहम सुराग
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व तीन अगस्त की सुबह को भी दोनों आरोपियों के घरों पर सघन छापेमारी की गई थी. उस दौरान जांच टीम ने कुछ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए थे, जिनकी तकनीकी व गहन जांच वर्तमान में सीआईडी द्वारा की जा रही है. माना जा रहा है कि इन उपकरणों की फॉरेंसिक जांच से परीक्षा गड़बड़ी के कई बड़े राज खुल सकते हैं.
आरोपियों की पृष्ठभूमि
हनुमान नगर का रहने वाला आरोपी रविशंकर कुमार रांची में एक कोचिंग संस्थान का संचालन करता है, जहां वह जेपीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाता है. वहीं, दूसरा आरोपी संतोष कुमार सिंह नौडीहा बाजार प्रखंड के गुलाबझरी उत्क्रमित हाई स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत है. परीक्षा में हुई इस बड़ी गड़बड़ी के तार इन दोनों से गहराई से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल पुलिस और सीआईडी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है.
