छतरपुर, पलामू: पलामू जिले के छतरपुर प्रखंड के बघमनवा गांव में शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से एमएमडीए बिल के विरोध में जनजागरूकता अभियान चलाया गया. कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य संजीव तिवारी, पलामू जिला प्रवक्ता चंदन प्रकाश सिन्हा, रंजीत जायसवाल, कमाल खान और ईश्वरी मेहता मौजूद रहे.
बैठक में केंद्र सरकार की नीतियों और झारखंड सरकार के खिलाफ कथित साजिशों पर चर्चा की गयी. इस दौरान ग्रामीणों से एमएमडीए बिल के विरोध में प्रस्तावित आंदोलन में भागीदारी की अपील की गयी.
यह भी पढ़ें : Palamu News: भाई को राखी बांधने मायके जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत, पति गंभीर रूप से घायल
राज्य के राजस्व स्रोत कमजोर करने का लगाया आरोप
जिला प्रवक्ता चंदन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार झारखंड सरकार को परेशान करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है. उन्होंने केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने और सहयोग राशि रोककर राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावित करने का प्रयास करने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि एमएमडीए बिल के माध्यम से राज्यों के आंतरिक राजस्व स्रोत को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है. इसका सीधा असर राज्य की विकास योजनाओं और आम लोगों पर पड़ेगा.
यह भी पढ़ें : Palamu News: सावन पूर्णिमा पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पूजा-अनुष्ठान और अखंड संकीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल
केंद्रीय समिति सदस्य संजीव तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार को हर हाल में एमएमडीए बिल वापस लेना होगा. बिल वापस नहीं होने तक झामुमो का आंदोलन जारी रहेगा और केंद्र सरकार को निर्णय वापस लेने के लिए मजबूर किया जायेगा.
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष रविंद्र राम ने की, जबकि संचालन प्रखंड सचिव सनी कुमार ने किया. मौके पर प्रखंड उपाध्यक्ष शिवनाथ राम, चंदेश्वर मेहता, मिथलेश सिंह, रामजी सिंह, अरविंद राम, वीरेंद्र राम, नागेश्वर सिंह, सकेंद्र सिंह, उमेश राय, त्यागी लोहरा, वृक्ष सिंह, धीरेंद्र सिंह, फगुनी भुइयां, शिव भुइयां, छोटू सिंह, पानपती देवी, बनारसी देवी, बसंती देवी, कौशल्या देवी समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे.
