मेदिनीनगर,पलामू: जिला स्कूल के प्रशाल में मंगलवार को इंस्पायर अवार्ड मानक योजना और गणित एवं विज्ञान क्लब को लेकर बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार ने की. बैठक का उद्देश्य जिले के सभी विद्यालयों का इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना था.
बैठक में डीईओ संदीप कुमार ने कहा कि उपस्थित ब्लॉक नोडल शिक्षक, बीपीओ और बीपीएम प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अपने-अपने प्रखंडों में जाकर विद्यालयों तक योजना की जानकारी पहुंचायेंगे, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सके.
विद्यार्थियों के बैंक खाते अपडेट कराने का निर्देश
डीईओ ने निर्देश दिया कि सभी विद्यालय इंस्पायर अवार्ड योजना में शामिल विद्यार्थियों के बैंक खातों को अद्यतन और सक्रिय कराना सुनिश्चित करें, ताकि योजना के तहत मिलने वाली राशि समय पर उपलब्ध हो सके.
बेहतर मॉडल तैयार करने पर जोर
सहायक जिला नोडल पदाधिकारी डॉ राजीव कुमार सिंह ने विद्यालय स्तर से लेकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक चयन प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने गुणवत्तापूर्ण सिनॉप्सिस और प्रोटोटाइप तैयार कर भेजने पर जोर दिया.
उन्होंने कहा कि जिले के विद्यार्थियों द्वारा बेहतर मॉडल तैयार किये जाएं, ताकि उन्हें राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अवसर मिल सके. उन्होंने बताया कि पिछले छह वर्षों से लगातार पलामू जिला इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में राज्य में प्रथम स्थान पर बना हुआ है, जो जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है.
हर विद्यालय में बनेगा गणित-विज्ञान क्लब
बैठक में जिला शिक्षा अधीक्षक ने सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन करने और प्रत्येक विद्यालय में गणित एवं विज्ञान क्लब के गठन का कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया.
मौके पर अवकाश प्राप्त शिक्षक विजय कुमार, विभिन्न प्रखंडों के ब्लॉक नोडल शिक्षक, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, कार्यक्रम प्रबंधक समेत अन्य लोग मौजूद थे.
