रामनरेश तिवारी की रिपोर्ट
पाटन (पलामू): पलामू जिले के पाटन क्षेत्र में गेरुआ वस्त्र धारण कर घूमने वाले कुछ लोगों पर भोले-भाले ग्रामीणों को भविष्यवाणी के नाम पर ठगने और डराकर पैसे ऐंठने का आरोप सामने आया है. खुद को नन मैट्रिक बताने वाले ये लोग ग्रामीणों को भविष्य बताने का दावा कर रहे थे. पुलिस की सक्रियता के बाद सभी मौके से फरार हो गए.
गेरुआ वेश में गांव-गांव घूमने का आरोप
बताया जाता है कि उक्त लोग पाटन मुख्यालय में किराए का मकान लेकर पिछले कई दिनों से रह रहे थे. दिन में गेरुआ वस्त्र धारण कर आसपास के ग्रामीण इलाकों में घूमते और लोगों को भविष्य बताने के नाम पर अपने जाल में फंसाते थे. आरोप है कि भय और अंधविश्वास का माहौल बनाकर ग्रामीणों से पैसे लिए जाते थे. स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में इनके शराब पीने की भी चर्चा थी.
ये भी पढ़ें- पहले गेट पीटा, दरवाजा नहीं खुला तो ऊपर से कूदे; 8 लोगों पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप
पुलिस की नजर पड़ी तो शुरू हुई पूछताछ
पाटन अंचल के पुलिस निरीक्षक सुरेश कुमार मंडल नियमित रूप से टहलने निकले थे. इसी दौरान उनकी नजर इन लोगों पर पड़ी. पुलिस निरीक्षक ने उनसे पूछताछ करते हुए स्थायी निवास और अन्य जानकारी मांगी. इस पर उन्होंने आधार कार्ड दिखाया, जिसे प्रथम दृष्टया संदिग्ध बताया गया. पुलिस द्वारा पूछे गए सवालों का भी वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. पुलिस ने जब उनकी शैक्षणिक योग्यता के बारे में पूछा, तो उन्होंने खुद को नन मैट्रिक बताया. इसके बावजूद क्षेत्र में लोगों की भविष्यवाणी करने और उनके भविष्य से जुड़ी बातें बताने का काम किये जाने पर पुलिस ने कड़ी पूछताछ की. पुलिस की सक्रियता को देखते हुए वे लोग वहां से फरार हो गये.
डर और अंधविश्वास के सहारे पैसे ऐंठने का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि गेरुआ वस्त्र धारण करने वाले ऐसे लोग ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर अंधविश्वास का सहारा लेते हैं. कथित तौर पर लोगों को डराने-धमकाने के बाद उनसे पैसे ऐंठे जाते हैं. पुलिस की पूछताछ के बाद इनके अचानक फरार होने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. आसपास के लोगों ने बताया कि पुलिस की सक्रियता के बाद वे लोग टेंपो से कहीं चले गए. हालांकि वे कहां गए, इसकी जानकारी किसी को नहीं है. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है. पुलिस निरीक्षक सुरेश कुमार मंडल ने ग्रामीणों से ऐसे बहुरूपियों से सावधान रहने की अपील की है.
ये भी पढ़ें- Medical Counseling: दूसरे राउंड का सीट अलॉटमेंट जारी, MBBS-BDS-BHMS में 287 छात्रों को मिली सीट
