मालगाड़ी के बेपटरी होते ही थम गईं ट्रेनें! 7 घंटे रेल सेवा ठप, 56 मालगाड़ियां प्रभावित; यात्री स्टेशन पर फंसे

मेदिनीनगर के सबौना गांव के पास मालगाड़ी के पटरी से उतरने से रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ. सात घंटे तक चली इस बाधा के कारण कई मालगाड़ियाँ रुकी रहीं और यात्री सुविधाओं पर भी असर पड़ा.

मेदिनीनगर,पलामू: सबौना गांव के समीप मालगाड़ी के बेपटरी होने से सुबह 10.50 बजे के बाद शाम छह बजे तक रेलगाड़ियों का परिचालन बाधित रहा. रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इन सात घंटों में करीब 56 मालगाड़ियों के परिचालन पर असर पड़ा. सुबह 10.50 बजे के बाद डाउन लाइन से कोई भी मालगाड़ी नहीं गुजरी, जबकि अप लाइन पर मात्र छह से सात मालगाड़ियां ही चलीं.

आम दिनों में इस लाइन से शाम छह बजे तक 28 खाली और 28 लोडेड मालगाड़ियां गुजरती हैं. एक मालगाड़ी का भाड़ा रेलवे द्वारा करीब 22 लाख रुपये लिया जाता है. इसके अनुसार 28 मालगाड़ियों से माल ढोने पर रेलवे को करीब छह करोड़ रुपये की आमदनी होती.

आधा दर्जन पैसेंजर ट्रेनें बाधित, यात्री परेशान

मालगाड़ी के वैगन पटरी से उतरने के कारण आधा दर्जन पैसेंजर ट्रेनें बाधित हो गईं. बरकाकाना-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर और बनारस-बरकाकाना मेमू को टर्मिनेट किया गया. डेहरी ऑन सोन-बरवाडीह और बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन को रद्द कर दिया गया. इसके अलावा मंडुवाडीह-रांची एक्सप्रेस को डायवर्ट किया गया.

ट्रेनों के रद्द होने और डायवर्ट किए जाने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई. कई यात्री रेलवे स्टेशन पर ही फंसे रहे. ट्रेन रद्द होने के कारण वे अपने गंतव्य तक नहीं जा सके. कोचिंग में पढ़ने वाले बच्चे, जो प्रतिदिन जपला और मोहम्मदगंज से आना-जाना करते हैं, कोचिंग खत्म होने के बाद स्टेशन पर ही फंसे रहे. वे अपने घर नहीं जा सके. पूरे स्टेशन परिसर में यात्रियों की भीड़ रही.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandra shekhar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >