मेदिनीनगर: नगर निगम क्षेत्र के सुदना स्थित गायत्री शक्ति पीठ में सावन पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को विशेष पूजा-अनुष्ठान हुआ. इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और भजन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.
गायत्री शक्ति पीठ के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी देवेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि सावन पूर्णिमा के दिन स्नान-ध्यान का विशेष महत्व है. शुक्रवार सुबह गायत्री परिवार के कई सदस्य कोयल नदी के शिवाला घाट पहुंचे, जहां स्नान और ध्यान किया गया. इसके बाद गायत्री मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया.
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हिमाद्री संकल्प के साथ गायत्री महायज्ञ हुआ. इससे पहले भक्तजनों ने श्री सत्यनारायण भगवान की पावन कथा का श्रवण किया. इसके बाद हवन कुंड में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां दी गयीं. परिभ्राजक रंजय सिंह ने धार्मिक अनुष्ठान और यज्ञ संपन्न कराया.
दो बच्चों का हुआ अन्नप्राशन संस्कार
सावन पूर्णिमा के अवसर पर दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया. शाम को दीप महायज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजनों ने सहभागिता की.
पूजा-अनुष्ठान के बाद हरितिमा संवर्धन के उद्देश्य से भक्तजनों और श्रद्धालुओं के बीच पौधों का वितरण किया गया.
मौके पर सहायक प्रबंध ट्रस्टी सरिता मेहता, जिला समन्वयक उपेंद्र मिश्रा, युवा समन्वयक बजरंगी मेहता, योगेंद्र मंडल, अशोक मेहता, संजय श्रीवास्तव, अर्चना देवी, बेबी गुप्ता सहित कई भक्तजन मौजूद थे.
