पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था गांधी, अगले दिन खेत में मिली लाश; ससुर फरार

पत्नी को वापस घर ले जाने के प्रयास में ससुराल पहुंचे एक व्यक्ति की मकई के खेत में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक का ससुर फरार है, जिससे पुलिस को शक है और मामले की जांच जारी है.

निखिल सिन्हा की रिपोर्ट

छतरपुर (पलामू): पत्नी को वापस घर ले जाने की बात को लेकर ससुराल पहुंचे एक व्यक्ति की मकई के खेत में लाश मिली है जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है. यह घटना छतरपुर थाना क्षेत्र के भीखही गांव के पूर्वी टोला की है. खेत में शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया. इधर, घटना के बाद मृतक का ससुर जगदेव भुइयां फरार बताया जा रहा है. पुलिस प्रथम दृष्टया मारपीट की आशंका जता रही है और मामले की जांच में जुटी है.

पत्नी को वापस घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था गांधी

मृतक व्यक्ति की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के बभनडीह गांव निवासी गांधी भुइयां के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह शनिवार को अपने ससुराल पहुंचा था और रविवार सुबह मकई के खेत में उसकी लाश मिली. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गांधी की पत्नी काफी समय से अपने मायके में रह रही थी. बताया जाता है कि वह बिहार के कुदरा में मजदूरी करती है. वहीं, गांधी भुइयां पत्नी को वापस घर ले जाने की बात को लेकर शनिवार को अपने बच्चों के साथ भीखही स्थित ससुराल पहुंचा था.

ये भी पढ़ें- गढ़वा में 14,331 ने नाम जोड़ने और 8,528 ने मतदाता सूची में सुधार के लिए दिया आवेदन

ससुर के साथ दूसरे मकान में सोने गया था मृतक

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात खाना खाने के बाद गांधी अपने ससुर जगदेव भुइयां के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित दूसरे मकान में सोने चला गया. इसके बाद रविवार सुबह खेत की ओर गये ग्रामीणों की नजर मकई के खेत में पड़े गांधी के शव पर पड़ी. शव देखते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी. सूचना मिलते ही छतरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.

ससुर के फरार होने से गहराया संदेह

घटना के बाद मृतक का ससुर जगदेव भुइयां फरार बताया जा रहा है. उसके फरार होने से पुलिस को घटना को लेकर संदेह और गहरा हुआ है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव की स्थिति से मृतक के साथ मारपीट किये जाने की आशंका प्रतीत हो रही है. प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- रांची के करमटोली तालाब के पास बनेगा झारखंडी फूड मार्केट, नाइट मार्केट की भी तैयारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >