मेदिनीनगर:
पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर अपराध नियंत्रण को लेकर शहर और लेस्लीगंज थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाया. इस अभियान के तहत तीन अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो देसी कट्टा, एक जिंदा गोली, चोरी की बाइक और सोने का लॉकेट बरामद किया है.
सूचना के आधार पर गठित टीम ने छापेमारी की
एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि शहर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि आंबेडकर पार्क के पास कुछ लोग अवैध हथियार की खरीद-बिक्री के लिए जमा हुए हैं. सूचना के आधार पर गठित टीम ने छापेमारी की. पुलिस को देखते ही मौके से दो युवक भागने लगे, जिनमें से एक18 वर्षीय अंशु कुमार चंद्रवंशी को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया. तलाशी में उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद हुई.
ये भी पढ़ें: अवैध वसूली के आरोप में नगर निगम के दो दैनिक कर्मी कार्यमुक्त
सरफराज का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा
दूसरा मामला शहर थाना क्षेत्र का है. 25 मई को एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीन लिया गया था. इस मामले में चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी 21 वर्षीय सरफराज उर्फ छोटू कुरैशी को गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर छीना गया सोने का लॉकेट बरामद किया गया। पुलिस द्वारा दी जानकारी के मुताबिक, सरफराज का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है. वर्ष 2021 के एक हत्या मामले में भी उसका नाम सामने आया था.
पुलिस को अर्द्धनिर्मित मकान में नशापान करने की मिली थी सूचना
तीसरी कार्रवाई लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में हुई. पुलिस को साहद गांव के एक अर्द्धनिर्मित मकान में नशापान किए जाने की सूचना मिली थी. पुलिस ने छापेमारी के दौरान राहुल कुमार भुइयां और प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर ली, जबकि दो अन्य युवक मौके से फरार हो गए. मौके से बिना नंबर प्लेट की एक पैशन प्रो बाइक बरामद की गई. अपराधियों ने पूछताछ में बताया कि दोनों ने मिलकर बाइक चोरी की और उसके बाद बिक्री के लिए छिपाने की बात भी स्वीकार की. पुलिस ने मोबाइल फोन की भी जांच की. इस दौरान पलामू पुलिस को हथियार के साथ कुछ तस्वीरें भी मिली. मौके से एक लोडेड देसी कट्टा भी बरामद किया गया.
अभियान में इन अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अभियान में सदर डीएसपी राजेश यादव, पुलिस अवर निरीक्षक श्रीराम शर्मा, अनिल कुमार यादव, राकेश सिंह, घनश्याम मिश्रा, रितेश लकड़ा, सहायक अवर निरीक्षक सिलास पूर्ति सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. लेस्लीगंज मामले में एसडीपीओ प्रशांत कुमार टू, थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, सहायक अवर निरीक्षक हरेंद्र पासवान और सशस्त्र बल के जवानों ने कार्रवाई में हिस्सा लिया.
ये भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल के दाम 6 अगस्त को बदले या नहीं? यहां देखें आपके शहर का लेटेस्ट रेट
