मेदिनीनगर, पलामू : इस्लाम धर्मावलंबियों का पर्व ईद मिलादुन्नबी 26 अगस्त को जिले में धूमधाम से मनाया जायेगा. पर्व को लेकर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. इसी क्रम में जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के पहाड़ी मुहल्ला स्थित मदरसा मरकजी दारूल उलूम में मोहम्मदी जुलूस कमेटी की बैठक हुई. अध्यक्षता कमेटी के अध्यक्ष जिशान खान ने की, जबकि संचालन सन्नु सिदीकी और शहरयार अली ने संयुक्त रूप से किया.
बैठक में पर्व के आयोजन और मोहम्मदी जुलूस को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गयी. सदस्यों ने आवश्यक सुझाव दिये. बताया गया कि मुस्लिम समुदाय के लोग गांव, टोले और मुहल्लों को आकर्षक ढंग से सजायेंगे. पर्व के अवसर पर मोहम्मदी जुलूस भी निकाला जायेगा.
आठ बजे के बाद निकलेगा जुलूस
बैठक में तय किया गया कि बुधवार की सुबह आठ बजे के बाद पहाड़ी मुहल्ला स्थित मदरसा गौसिया रिजविया और मरकजी दारूल उलूम से जुलूस निकलेगा. इसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे. जुलूस मार्ग के चौक-चौराहों पर उलेमा-ए-कराम की ओर से तकरीर की जायेगी.
आयोजकों ने बताया कि प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए जुलूस सादगी के साथ निकाला जायेगा. मदरसा से शुरू होकर जुलूस मुस्लिम नगर की बिचली गली, शास्त्री नगर, शिवाला रोड, बलदेव साह चौक, हीरा मंदिर रोड, धोबी मुहल्ला, जयभवानी संघ चौक, आढ़त रोड, कन्नी राम चौक, सतार सेठ चौक, विष्णु मंदिर रोड और पंचमुहान होते हुए छहमुहान पहुंचेगा. यहां उलेमाओं की तकरीर का समापन होगा.
इसके बाद जुलूस थाना रोड, सतार सेठ चौक, कुंड मुहल्ला, कानी हाउस रोड, मिल्लत मस्जिद और गम्हेल स्थल रोड होते हुए वापस लौटेगा. कुरानखानी और दुआख्वानी के बाद जुलूस का समापन किया जायेगा.
बैठक में ऐदरा-ए-सरिया के पलामू सदर व मदीना मस्जिद के इमाम सैयद शाह, रजि अहमद शम्सी, नूरी मस्जिद के इमाम हाफिज साकिर कुरैशी, महताब आलम नूरी, मुफ्ती मुजीबुल्लाह, हेरा मस्जिद के इमाम सेराज अकमल, मौलाना महताब आलम जेयाई, कारी अब्दुल कादिर, हाफिज साबीर, हाफिज अदनान, कारी जेयाउल हसन समेत कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.
