पांच से 10 मिनट हो रही पेयजलापूर्ति

पांच से 10 मिनट हो रही पेयजलापूर्ति

सुदना जलापूर्ति केंद्र की बदहाल व्यवस्था, नहीं मिल रहा नियमित पानी प्रतिनिधि, मेदिनीनगर शहर के सुदना जलापूर्ति केंद्र की स्थिति लचर हो गयी है. इससे वार्डवासियों को नियमित पेयजल नहीं मिल पा रहा है. भीषण गरमी में लोग पूरे दिन पेयजल संकट से परेशान हैं. वार्डवासियों ने बताया कि पिछले करीब एक वर्ष से इस केंद्र से एक दिन के अंतराल पर केवल पांच से 10 मिनट तक पेयजल आपूर्ति की जा रही है, जो लोगों की जरूरत के लिए पर्याप्त नहीं है. वार्ड दो ड्राइजोन क्षेत्र होने के बावजूद केंद्र की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया है. इसे विभाग की उदासीनता माना जा रहा है. नियमित पेयजल नहीं मिलने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. विभाग की ओर से पूरे माह का टैक्स लिया जा रहा है, लेकिन महीने में करीब 15 दिन ही पानी की आपूर्ति हो रही है. केंद्र में जानकारी लेने के लिए फोन करने पर आपरेटर द्वारा बताया जाता है कि कुंआ में बालू भर गया है. इसके कारण टंकी में पर्याप्त पानी नहीं चढ़ पा रहा है. इसी वजह से प्रतिदिन जलापूर्ति संभव नहीं हो पा रही है. वार्डवासियों का कहना है कि इस समस्या के समाधान के लिए न निगम पदाधिकारी पहल कर रहे हैं और न ही जनप्रतिनिधि. इसका खामियाजा लोगों को पिछले एक वर्ष से भुगतना पड़ रहा है. निगम क्षेत्र में रहने के बावजूद लोग शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे हैं. लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र में फिल्ट्रेशन व्यवस्था नहीं होने से गंदे पानी की आपूर्ति की जाती है. इस समस्या को लेकर निगम प्रशासन के प्रति लोगों में नाराजगी है. वार्डवासियों ने पलामू डीसी और मेयर से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भीषण गरमी में लोगों को राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akarsh aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >