पलामू पुलिस ने 35 लाख का डोडा किया बरामद, दो गिरफ्तार

Palamu News: पलामू के मनातू थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 216 किलो डोडा बरामद किया है. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस को तस्करी के बड़े नेटवर्क का सुराग मिला है और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.

पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट

Palamu News: झारखंड के पलामू जिले में मनातू थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक महिंद्रा एक्सयूवी 500 से भारी मात्रा में मादक पदार्थ डोडा बरामद किया. यह कार्रवाई रविवार देर रात करीब 12:30 बजे की गई, जब पुलिस मुख्य सड़क पर नियमित जांच अभियान चला रही थी.

216 किलो डोडा किया गया जब्त

जांच के दौरान पुलिस ने यूपी नंबर की एसयूवी (यूपी 32 जेबी 7373) को रोका. तलाशी लेने पर वाहन से 25 बोरियों में रखा करीब 216 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी जा रही है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों की पहचान उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी 36 वर्षीय संजीव शर्मा और गढ़वा जिले के कांडी निवासी 44 वर्षीय निजामुद्दीन राइन के रूप में हुई है.

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि पुलिस को पहले से ही गुप्त सूचना मिली थी कि एक एसयूवी में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है. इसके बाद डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने मनातू थाना के पास नाकेबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की, जिसके दौरान यह बड़ी सफलता हाथ लगी.

पूछताछ में खुला तस्करी का नेटवर्क

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. आरोपियों ने बताया कि वे लावालौंग, प्रतापपुर, कुंदा और चतरा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से डोडा खरीदकर उत्तर प्रदेश में बेचते थे. पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि जब्त किया गया डोडा उत्तर प्रदेश के रॉबर्ट्सगंज ले जाया जा रहा था.

एस्कॉर्ट करने वाले अन्य आरोपियों की तलाश

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि एसयूवी के साथ दो लोग मोटरसाइकिल से एस्कॉर्ट कर रहे थे. फिलहाल पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. माना जा रहा है कि यह एक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकता है.

एक आरोपी का आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपी निजामुद्दीन राइन का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ तरहसी और पांकी थाना में पहले भी मामले दर्ज हैं. इससे पुलिस को शक है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय हो सकता है.

इसे भी पढ़ें: बोकारो के चंद्रपुरा में नशेड़ी ने कुएं में लगाई छलांग, हो गई मौत

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में डीएसपी राजीव रंजन, मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार, अवर निरीक्षक अशोक टोप्पो, सहायक अवर निरीक्षक सत्येंद्र कुमार, मथुरा महतो और रिजर्व गार्ड के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस ने कहा है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: रांची: 6 क्विंटल डोडा और अफीम जब्त, किंगपिन गिरफ्तार!

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >