जिला सैनिक बोर्ड गठन में देरी से पूर्व सैनिकों में नाराजगी
जिला सैनिक बोर्ड गठन में देरी से पूर्व सैनिकों में नाराजगी
By Akarsh Aniket | Updated at :
प्रतिनिधि, मेदिनीनगर
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पलामू की मासिक बैठक रेड़मा स्थित जिला कार्यालय में आयोजित की गयी. इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दामोदर मिश्र व संचालन उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण तिवारी ने किया. बैठक में जिला कोषाध्यक्ष दयाशंकर शर्मा ने आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित किया. दामोदर मिश्र ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पलामू में जिला सैनिक बोर्ड व सैनिक आरामगाह की स्थापना को मंजूरी दिये जाने के बावजूद राज्य सरकार द्वारा वर्षों से इस पर कोई ठोस पहल नहीं की गयी है. इसको लेकर पूर्व सैनिकों में आक्रोश है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार राज्य सरकार से पत्राचार किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रगति नहीं हुई है. जल्द ही पूर्व सैनिकों का एक प्रतिनिधिमंडल संबंधित अधिकारियों से मुलाकात करेगा. मौके पर जिला संरक्षक शिवजी सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह, उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण तिवारी, कोषाध्यक्ष दयाशंकर शर्मा, पूर्व महासचिव दिनेश कुमार गुप्ता, पेंशन अधिकारी कामाख्या नारायण सिंह, विकास तिवारी, पंकज तिवारी, निरंजन प्रताप देव, अशोक कुमार दुबे, त्रिपुरारी प्रसाद, राकेश कुमार सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद थे.