पलामू: चियांकी स्थित एसएमकेडीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स की राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हुई. दो दिवसीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न डीएवी संस्थानों की टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
अंडर-14 बालक वर्ग में डीएवी बुंडू ने चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि बालिका वर्ग में डीएवी राजरप्पा विजेता रहा. अंडर-17 बालक वर्ग का खिताब भी डीएवी राजरप्पा ने हासिल किया. वहीं, बालिका वर्ग में डीएवी निरजा सहाय कांके ने प्रथम स्थान प्राप्त किया.
अंडर-19 बालक वर्ग में डीएवी मूनिडीह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप जीती, जबकि बालिका वर्ग में डीएवी गुमला विजेता रहा. प्रतियोगिता में डीएवी बोकारो इस्पात, डीएवी हेहल, डीएवी लोहरदगा, डीएवी गांधी नगर, डीएवी टंडवा चतरा और डीएवी आनंद स्वामी सहित कई संस्थानों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया.
विद्यालय की प्रधानाचार्या इंद्राणी चटर्जी ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण और उत्साह की सराहना की. उन्होंने कहा कि खेल केवल मैदान तक सीमित नहीं रहते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. खो-खो में गति और रणनीतिक कौशल का समन्वय विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है.
