मेदिनीनगर. शहर के कांदू मुहल्ला गैस गोदाम रोड में गोरहो शिव मंदिर के समीप नाला पर पुलिया का निर्माण होना है. इसे लेकर बारालोटा जलापूर्ति योजना का राइजिंग पाइप हटाने का काम शुरू कर दिया गया है. जानकारी के मुताबिक यह नाला सदर प्रखंड के सुआ पंचायत के क्षेत्र में आता है. वर्षों पूर्व इस नाला पर छलका का निर्माण कराया गया था. लेकिन बरसात के दिनों में नाला का पानी सड़क पर बहने लगता है. इससे आवागमन बाधित हो जाता है. सुआ पंचायत की मुखिया दुलारी देवी ने लोगों की इस समस्या को गंभीरता से लिया और पुलिया निर्माण कराने की दिशा में पहल की. बताया जाता है कि करीब पांच लाख रुपये की लागत से पुलिया का निर्माण होना है. बारालोटा जलापूर्ति योजना का पंप हाउस भूसही में है. पंप हाउस से राइजिंग पाइप द्वारा चियांकी पहाड़ पर बने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पानी पहुंचाया जाता है. वर्षों पूर्व बने इस जलापूर्ति योजना का राइजिंग पाइप गोरहो नाला के छलका से ही ले जाया गया था. अब पुलिया निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई है, तो पंचायत के मुखिया व ग्रामीणों ने नगर निगम से पाइप हटाने की मांग की. नगर आयुक्त के निर्देश पर राइजिंग पाइप हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. पाइप लाइन इंस्पेक्टर छोटेलाल गुप्ता ने बताया कि पाइप लाइन को हटाकर पुलिया के बगल में ही शिफ्ट किया जायेगा. इस कार्य में 10 से 15 दिन समय लगेगा. इस दौरान जलापूर्ति बाधित रहेगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.