सतबरवा से रमेश राम की रिपोर्ट
सतबरवा. थाना क्षेत्र के पोलपोल तथा पोखराहा गांव के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-39 फोरलेन पर सोमवार की सुबह करीब पांच बजे अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहे व्यक्ति से अज्ञात अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर पल्सर बाइक लूट ली. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गये. घटना की पुष्टि सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने भी की है. भुक्तभोगी की पहचान विश्रामपुर थाना क्षेत्र के गोदरमा कला गांव निवासी विष्णु प्रजापति के रूप में हुई है.
मनिका से लौट रहा था भुक्तभोगी
बताया गया कि विष्णु प्रजापति लातेहार जिले के मनिका से अपने रिश्तेदार के घर से पल्सर बाइक (जेएच 03 ए क्यू 38 36) से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान पोलपोल तथा पोखराहा गांव के बीच अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया. घटना के बाद उन्होंने तुरंत थाना पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे.
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बाइक लूट का मामला सामने आया है. इसकी छानबीन के बाद लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.
