छतरपुर (पलामू). प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है. बारिश के कारण अकवनिया और सलैया गांव में दो कच्चे मकान गिर गये. हालांकि, दोनों घटनाओं में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई. वहीं, छतरपुर के शहरी क्षेत्र के कई वार्डों में जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों और घरों में घुस गया. इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
अकवनिया में कच्चा मकान गिरा
अकवनिया गांव निवासी श्रीराम यादव का कच्चा मकान लगातार बारिश के कारण गिर गया. मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने की समस्या खड़ी हो गयी है. परिजनों के अनुसार लगातार बारिश के कारण मकान की मिट्टी की दीवारें कमजोर हो गयी थीं. इसी वजह से मकान अचानक गिर गया.
सलैया में भी भरभरा कर गिरा घर
सलैया गांव में कविता देवी का मिट्टी का मकान भी भारी बारिश के कारण गिर गया. बताया गया कि लगातार बारिश से मकान की दीवारों में नमी बढ़ गयी थी और वे कमजोर हो गयी थीं. इसके बाद मकान अचानक भरभरा कर गिर पड़ा.
दोनों घटनाओं में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है. हालांकि, लगातार बारिश के कारण मिट्टी से बने अन्य कच्चे मकानों पर भी खतरा बना हुआ है.
ये भी पढ़ें: पलामू में बारिश से तबाही: दर्जनों गांवों का संपर्क कटा, वित्त मंत्री ने किया निरीक्षण; DMFT से बनेंगे छोटे पुल-पुलिया
शहर के कई वार्डों में जलजमाव
भारी बारिश का असर छतरपुर के शहरी इलाकों में भी देखने को मिला. कई वार्डों और मोहल्लों में नालियों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया. कई घरों में भी पानी घुस गया. लोगों को घरों से पानी निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. जलजमाव के कारण लोगों के आवागमन में भी परेशानी हुई. स्थानीय लोगों ने शहर में जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके.
