मोहम्मदगंज, पलामू: पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के प्रखंड समन्वयक जय प्रकाश सिंह की शुक्रवार को करंट लगने से मौत हो गयी. घटना उनके पैतृक निवास बिहार के नबीनगर थाना क्षेत्र के चंद्रगढ़ गांव में हुई.
घर के पीछे गिरे करंट प्रवाहित तार की चपेट में आए
जानकारी के अनुसार, जय प्रकाश सिंह अपने घर के पीछे किसी कार्य के सिलसिले में गये थे. इसी दौरान करंट प्रवाहित गिरे हुए तार की चपेट में आ गये. करंट लगने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी.
औरंगाबाद अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद नबीनगर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया.
विभागीय कर्मियों ने जताया शोक
जय प्रकाश सिंह हुसैनाबाद और मोहम्मदगंज प्रखंड के समन्वयक के अतिरिक्त प्रभार में थे. घटना की जानकारी मिलने के बाद मेदिनीनगर स्थित विभाग के कई कर्मी उनके पैतृक घर पहुंचे और परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया.
मोहम्मदगंज प्रखंड की मास्टर जल सहिया शारदा देवी, शाहजहां बेगम और पंचायत की कई जल सहियाओं ने शोक व्यक्त करते हुए जय प्रकाश सिंह को मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्ति बताया. उन्होंने कहा कि उनका निधन सभी के लिए अपूरणीय क्षति है.
