बिजली-पानी संकट को लेकर भाजपा का घड़ा फोड़ प्रदर्शन

बिजली-पानी संकट को लेकर भाजपा का घड़ा फोड़ प्रदर्शन

मेदिनीनगर. झारखंड सरकार की जनविरोधी नीतियों और राज्य में व्याप्त बिजली-पानी की घोर किल्लत के खिलाफ बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पलामू जिला इकाई ने प्रदर्शन किया. सरकार की कथित वादा खिलाफी के खिलाफ आक्रामक विरोध मार्च की शुरुआत शहर के बाइपास रोड स्थित माइनर एरिगेशन मैदान से की गयी. जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए डीसी कार्यालय पहुंचा, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गयी. मौके पर भाजपा के मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री सह पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेयजल के लिए दिये गये 12,982 करोड़ रुपये में से सरकार आधे भी खर्च नहीं कर पायी है. जहां अन्य राज्यों ने नल-जल योजना को 100 प्रतिशत पूरा कर लिया है, वहीं झारखंड कागजों पर 45 प्रतिशत पर अटका है. जलाशयों के भरे होने के बावजूद जनता बूंद-बूंद पानी को तरस रही है और गरीब दूषित पानी पीने को मजबूर हैं. उन्होंने सदर अस्पताल में पानी के अभाव में इलाज न मिलने और राज्य भर में 80 हजार चापाकल खराब होने का मुद्दा भी उठाया बावरी ने स्पष्ट किया कि जनमुद्दों पर भाजपा चुप नहीं बैठेगी और सरकार को चैन से नहीं रहने देगी. भाजपा जिलाध्यक्ष अमित कुमार तिवारी ने कहा कि आज पूरे झारखंड में बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए जनता त्राहि-त्राहि कर रही है. लेकिन राज्य सरकार कुंभकर्णी निद्रा में सोयी हुई है.जनता ने जिस उम्मीद के साथ इन्हें सत्ता सौंपी थी, यह सरकार उस विश्वास पर खरी नहीं उतरी है. डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया ने कहा कि भाजपा के आंदोलन के बावजूद बिजली-पानी की स्थिति बदतर है. उन्होंने 200 यूनिट फ्री बिजली के वादे को ढकोसला बताते हुए कहा कि राजधानी में 10-12 घंटे बिजली कट रही है, तो ग्रामीण क्षेत्रों का हाल समझा जा सकता है.स्मार्ट मीटर और किसानों को भेजे जा रहे हजारों के बकाया बिल जनता को प्रताड़ित कर रहे हैं. प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने कहा कि बिजली संकट से छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है और ऊपर से बिजली दरों में वृद्धि कर सरकार जले पर नमक छिड़क रही है. पेयजल संकट पर उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने केंद्र की हर घर नल जल योजना को विफल करने में पूरी ताकत लगा दी है, जिसके कारण झारखंड आज इस योजना में देश में नीचे से दूसरे पायदान पर है. कार्यक्रम का संचालन विजय ठाकुर ने किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में सरकार की विफलताओं के खिलाफ आवाज बुलंद की. प्रदर्शन के समाप्ति के बाद राज्यपाल के नाम सदर एसडीओ को ज्ञापन भी सौंपा गया. इसमें बिजली-पानी की समस्या के तत्काल समाधान की मांग की गयी.मौके पर पूर्व सांसद मनोज कुमार, पूर्व विधायक पुष्पा देवी, प्रभात कुमार, अजय तिवारी, विजय ठाकुर, अजय सिंह, मुरारी पांडेय, नरेंद्र पांडेय, विजयानंद पाठक, जितेंद्र तिवारी, स्वेतांक गर्ग, शुभम प्रसाद, अभिमन्यु तिवारी, अरविंद गुप्ता, अरविंद सिंह, राजहंस अग्रवाल, रूपा संध्या, किसलय तिवारी, लवली गुप्ता सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akarsh aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >