पलामू: जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के रेडमा स्थित ठाकुरबाड़ी में वार्षिक रामायण पूजा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया. लव कुमार आदर्श संकीर्तन मंडली के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में शनिवार की शाम विधि-विधान से रामायण पूजन किया गया. इसके बाद भंडारा शुरू हुआ, जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.
दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ उद्घाटन
रात्रि में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन कांग्रेस नेता लक्ष्मी नारायण तिवारी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस मौके पर लक्ष्मी नारायण तिवारी ने कहा कि पवित्र सावन माह में रामायण पूजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होने से समाज में भक्ति का वातावरण तैयार होता है. उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य को लेकर यह महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, वह तभी पूरा होगा, जब लोग रामचरित मानस के संदेशों के आधार पर जीवनयापन करेंगे.
सीपीआई के जिला सचिव रुचिर कुमार तिवारी ने पूर्वजों द्वारा शुरू किए गए वार्षिक रामायण पूजन महोत्सव को निरंतर जारी रखने की बात कही. उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम ने परिवार और समाज के लिए जो संदेश दिया है, उसे अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है.
भक्तिगीतों पर देर रात तक झूमते रहे श्रोता
झामुमो नेता सुनील तिवारी ने बताया कि दामोदर तिवारी और लव कुमार ने वर्षों पूर्व रामायण पूजा महोत्सव की शुरुआत की थी. अब यह महोत्सव परंपरा का रूप ले चुका है.
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान धनबाद के व्यास शिवशंकर यादव और पलामू के लोकगीत गायक विपिन बिहारी पाठक व शिवकुमार चौधरी के बीच शानदार मुकाबला हुआ. दोनों पक्षों के गायकों ने भक्तिगीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया. सांस्कृतिक कार्यक्रम अहले सुबह तक चलता रहा.
आयोजन समिति के अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी और महामंत्री उदय तिवारी ने अतिथियों व कलाकारों को माला और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. अधिवक्ता यशवंत तिवारी ने कार्यक्रम का संचालन किया.
मौके पर विशिष्ट अतिथि सीताराम तिवारी, रामाशीष पांडेय, जय दुबे, प्रेमचंद तिवारी, अमरेश पांडेय, विश्राम दुबे, गुड्डू तिवारी, ओम तिवारी, शिवध्यान तिवारी, गायक दयाशंकर तिवारी, शिशिर शुक्ला, प्रमोद ठाकुर सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे.
