मेदिनीनगर, पलामू : स्थानीय महिंद्रा आर्केड स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में विनय कुमार महतो के खाते से चेक के माध्यम से 3.50 लाख रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है. खाताधारी को इसकी जानकारी उस समय हुई, जब उनके मोबाइल पर चेक के माध्यम से 3.50 लाख रुपये निकाले जाने का मैसेज आया. इसके बाद वह तत्काल बैंक पहुंचे और बैंककर्मियों से मामले की जानकारी ली.
विनय कुमार महतो ने बैंककर्मियों को बताया कि उन्होंने चेकबुक प्राप्त ही नहीं की है, तो उनके खाते से चेक के माध्यम से राशि कैसे निकाल ली गयी. बैंक अधिकारियों ने संबंधित चेक की जांच की तो उस पर अंग्रेजी में विनय कुमार महतो के नाम से हस्ताक्षर किया हुआ मिला. खाताधारी ने हस्ताक्षर को अपना होने से इनकार किया.
सीसीटीवी फुटेज में चेकबुक ले जाता दिखा संदिग्ध
बैंक अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की. फुटेज में चश्मा पहने एक व्यक्ति बैंककर्मी के पास रखे चेकबुक और अन्य कागजात के बीच से विनय कुमार महतो का चेकबुक निकालता दिखाई दिया. बताया गया कि पोस्ट ऑफिस से बैंक पहुंचे चेकबुक और अन्य कागजात को रजिस्टर में सूचीबद्ध करने के लिए टेबल पर रखा गया था. इसी दौरान संबंधित बैंककर्मी कुछ देर के लिए वहां से हट गया. इसी मौके का फायदा उठाकर संदिग्ध व्यक्ति चेकबुक लेकर चला गया.
बताया गया कि आरोपी ने चेक पर अंग्रेजी में सेल्फ लिखकर 3.50 लाख रुपये की निकासी कर ली. बैंक अधिकारी के अनुसार चेक पर किया गया हस्ताक्षर विनय कुमार महतो के हस्ताक्षर से मिलता-जुलता था. चेक पर सेल्फ लिखा होने के कारण उसका भुगतान कर दिया गया.
विनय कुमार महतो ने खाते से चेक के माध्यम से अवैध तरीके से राशि निकाले जाने को लेकर शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार से लिखित शिकायत की है. उन्होंने बैंककर्मियों की मिलीभगत की भी आशंका जतायी है.
13 अगस्त को चेकबुक के लिए दिया था आवेदन
विनय कुमार महतो ने बताया कि वह प्रकाश चंद जैन सेवा सदन में कार्य करते हैं. उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को बैंक पहुंचकर चेकबुक जल्द प्राप्त हो, इसके लिए बैंक के पते पर चेकबुक भेजने से संबंधित आवेदन दिया था. इसके बाद चेकबुक बैंक पहुंचा, लेकिन उनके हाथ में आने से पहले ही उससे चेक निकालकर राशि की निकासी कर ली गयी.
