सतबरवा. पीएम श्री राजकीयकृत उच्च विद्यालय सोहरी खास में विद्यालय मृदा स्वास्थ्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मिट्टी के स्वास्थ्य, मृदा परीक्षण, जरूरी पोषक तत्वों और मिट्टी का नमूना लेने की वैज्ञानिक विधि की जानकारी देना था.
17 पोषक तत्वों की दी जानकारी
कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञ राजकमल यादव ने विद्यार्थियों को पौधों के लिए जरूरी 17 पोषक तत्वों के बारे में बताया. उन्होंने कार्बन, हाइड्रोजन, ऑक्सीजन, नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटेशियम, कैल्शियम, मैग्नीशियम, सल्फर, आयरन, जिंक, मैंगनीज, कॉपर, बोरॉन, मोलिब्डेनम और क्लोरीन की उपयोगिता समझायी. उन्होंने कहा कि इन तत्वों का संतुलन मिट्टी की उर्वरता, पौधों के स्वस्थ विकास और बेहतर उत्पादन के लिए जरूरी है.
विद्यार्थियों ने पूछे सवाल
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कृषि और मिट्टी से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका कृषि विशेषज्ञ ने विस्तार से जवाब दिया. प्रखंड तकनीकी प्रबंधक वरुण सिंह यादव ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को मिट्टी के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है, ताकि भविष्य में कृषि कार्यों में वे वैज्ञानिक जानकारी का उपयोग कर सकें.
मौके पर विद्यालय के शिक्षक संजय कुमार, सुरेंद्र राम, विवेक कुमार त्रिपाठी, संतोष कुमार शर्मा, विजय कुमार समेत कई विद्यार्थी मौजूद थे.
