पलामू : शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर आजसू पार्टी पलामू के द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. अध्यक्षता जिला कार्यकारी अध्यक्ष तुलसी शुक्ला ने की. कार्यक्रम में शहीद निर्मल महतो के संघर्ष को याद किया गया और उनके अधूरे सपनों को साकार करने के लिए संकल्प लिया गया.
निर्मल महतो झारखंड के महत्वपूर्ण योद्धा:विकेश शुक्ला
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव और झारखंड आंदोलनकारी विकेश शुक्ला ने कहा कि निर्मल महतो झारखंड राज्य निर्माण के महत्वपूर्ण योद्धा थे. उनके आंदोलन से घबराकर माफियाओं ने उनकी हत्या कर दी. वे शरीर के रूप में हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन विचारों के रूप में आज भी जिंदा हैं और हमेशा जिंदा रहेंगे.
आजसू पार्टी के आंदोलन से ही राज्य का निर्माण:बब्लू गुप्ता
केंद्रीय सचिव बब्लू गुप्ता ने कहा कि आजसू पार्टी के आंदोलन के बदौलत ही राज्य का निर्माण हुआ है और आजसू के संस्थापक निर्मल महतो थे. आज उनकी शहादत को याद करते हुए हमें संकल्प लेना चाहिए कि राज्य में बेहतर राजनीति हो और एक खुशहाल राज्य बने.
आत्ममंथन करने की जरूरत :शिव शंकर प्रसाद
आजसू पार्टी बुद्धिजीवी मंच के केंद्रीय उपाध्यक्ष शिव शंकर प्रसाद ने कहा कि झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और आजसू के संस्थापक निर्मल महतो की शहादत को इसलिए याद किया जाना चाहिए ताकि हम आत्ममंथन कर सकें कि शहीदों के सपनों के अनुरूप राज्य बना है या नहीं. यदि नहीं बना है, तो हमें आगे संघर्ष का रास्ता तय करना होगा और स्वच्छ राजनीति के लिए आगे आना होगा.
ये भी पढ़ें: शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, देखें तस्वीरें
ये भी पढ़ें: विश्व आदिवासी महोत्सव के रंग में रंगी राजधानी रांची, कलाकारों का उत्साह चरम पर
नीतियों से प्रभावित होकर कई दिग्गजों ने थामा दामन
इस समारोह में बड़े पैमाने पर लोग आजसू पार्टी के नीति और सिद्धांतों से आकर्षित होकर पार्टी में शामिल हुए. इनमें मुख्य रूप से विश्रामपुर प्रखंड से विकास कुमार पांडे, नवा बाजार प्रखंड से प्रवीण कुमार पांडे, सदर प्रखंड से संजीव कुमार तिवारी, झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता आदिस अंसारी, सतबरवा प्रखंड से ललिता देवी, सदर प्रखंड से रिया देवी एवं अधिवक्ता प्रभात मिश्रा शामिल हुए. सभी नये सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया गया.इस अवसर पर केंद्रीय सचिव विजय मेहता, केंद्रीय सदस्य लोकेश सिंह, कमलेश चंद्रवंशी, महिला जिला अध्यक्ष प्रमिला देवी और सचिव अमला देवी ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किया.
गांव-गांव में मजबूत होगा संगठन: तुलसी शुक्ला
जिला कार्यकारी अध्यक्ष तुलसी शुक्ला ने कहा कि आज आजसू पार्टी पलामू अपने पुरखों को याद करती है. उनके सपनों को साकार करने के लिए पार्टी गांव-गांव में संगठन का विस्तार करेगी. इसके साथ ही छात्र, युवा, मजदूर, किसान और महिलाओं के हक की लड़ाई को और तेज किया जायेगा.
