सोहया पहाड़ स्थित दमदमी पत्थर खदान में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ. हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पतरा खुर्द गांव निवासी 21 वर्षीय लवकुश गुप्ता, जो सत्येंद्र साव का पुत्र था, अपने दोस्तों के साथ खदान में नहाने गया था. नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. उसके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर गांव वालों को सूचना दी. ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी.
खदान में लगभग 20 फीट पानी भरा हुआ है.सूचना मिलते ही अंचल पदाधिकारी पंकज कुमार और हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने बताया कि खदान में करीब 30 फीट गहरा गड्ढा है, जिसमें लगभग 20 फीट पानी भरा हुआ है. माइंस संचालक द्वारा खदान बंद होने के बाद गड्ढे को नहीं भरा गया, जिसके कारण पानी जमा रहता है. इसी वजह से आसपास के बच्चे अक्सर स्नान करने पहुंच जाते हैं. ग्रामीणों ने बताया कि इस खदान में पहले भी हादसे हो चुके हैं.
दो घंटे की खोज के बाद भी युवक को नहीं निकाल जा सकाघटना के बाद युवक की खोज शुरू की गयी. थाना प्रभारी ने देवरी ओपी प्रभारी राजू गुप्ता से संपर्क कर स्थानीय नाविकों को बुलाने का अनुरोध किया. पंचायत प्रतिनिधि और समाजसेवियों ने भी नाविकों को बुलवाया. देर शाम तक सर्च अभियान जारी रहा, लेकिन दो घंटे की खोज के बाद भी युवक बरामद नहीं हो सका.ग्रामीणों ने एनडीआरएफ दल को बुलाने की मांग की है, ताकि जल्द खोजा जा सके. घटनास्थल पर पुलिस प्रशासन के साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.
