छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है
प्रतिनिधि : पाटनमंगलवार को पाटन प्लस टू उच्च विद्यालय में वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा के महत्व और नियमों के पालन की जानकारी दी गयी. संस्था की सचिव शर्मिला वर्मा ने कहा कि आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक होना होगा, तभी दुर्घटनाओं की संख्या कम की जा सकती है. उन्होंने चेतावनी दी कि छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है. रानू सिन्हा ने बच्चों को समझाया कि सड़क पर मोबाइल का प्रयोग न करें और रील बनाने जैसी गतिविधियों से बचें. लक्ष्य श्रेष्ठ ने दोपहिया वाहन चलाते समय जूते, ग्लव्स और राइडिंग गियर्स पहनने की सलाह दी. डॉ. अमितू सिंह ने कहा कि दुर्घटनाओं में दांतों और चेहरे को भी नुकसान होता है, इसलिए फेस कवर वाले हेलमेट का प्रयोग करें. मंजू चंद्रा ने बच्चों को प्रेरित किया कि वे अपने माता-पिता को भी सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करें.
सड़क सुरक्षा नियमों को अपनाकर जीवन सुरक्षित रखा जा सकता हैजिप सदस्य जयशंकर सिंह उर्फ संग्राम सिंह ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों को अपनाकर जीवन सुरक्षित रखा जा सकता है. विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार ने बताया कि शिक्षक लगातार बच्चों को सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करते हैं और यह अभियान पलामू के लिए “वरदान” साबित हो रहा है. पाटन थाना के पुअनि अनिल कुमार सिंह ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना और गाड़ी जब्त होने का प्रावधान है. उन्होंने लोगों से सावधान और सुरक्षित रहने की अपील की. कार्यक्रम का संचालन श्रीकृष्ण सिंह ने किया और मौके पर कई लोग उपस्थित रहे.
