एमके इंटर कॉलेज के 11वीं के 485 विद्यार्थियों की होगी विशेष परीक्षा

एमके इंटर कॉलेज के 11वीं के 485 विद्यार्थियों की होगी विशेष परीक्षा

पांकी. प्रखंड के डंडार कला स्थित मजदूर किसान इंटर कॉलेज में मुख्य रूप से जैक बोर्ड की सदस्य सुशीला मिश्रा ने बैठक में भाग लिया. उन्होंने बताया कि इस कालेज के 11 वीं कक्षा के 485 विद्यार्थियों की परीक्षा का रास्ता साफ हो गया है. मालूम हो कि कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्धारित सीट से अधिक छात्र छात्राओं का नामांकन लिया था. लेकिन 11वीं की परीक्षा के लिए जैक ने कालेज में निर्धारित सीट के अनुरूप नामांकित विद्यार्थियों का ही प्रवेश पत्र निर्गत किया है. ऐसी स्थिति में निर्धारित सीट से अधिक 485 नामांकित छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल नहीं हो पायेंगे. जैक सदस्य सुशीला मिश्रा ने इस मामले को गंभीरता से लिया और विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए झारखंड अधिविद् परिषद के समक्ष इस विषय को प्रमुखता से रखा. उनकी पहल पर जैक बोर्ड परीक्षा समिति की बैठक पिछले दिनों हुई थी, जिसमें इस मामले को लेकर गंभीरता पूर्वक विचार किया गया. बैठक में एमके इंटर कॉलेज पांकी के 485 विद्यार्थियों के लिए विशेष परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया. यह परीक्षा केवल उन विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जायेगी, जिनका नामांकन निर्धारित सीटों से अधिक संख्या में लिया गया था. निर्णय में यह स्पष्ट किया गया है कि यह परीक्षा कंपार्टमेंटल नहीं होगी, बल्कि एक विशेष परीक्षा के रूप में आयोजित की जायेगी, ताकि किसी भी विद्यार्थी का शैक्षणिक वर्ष व्यर्थ न हो सके. क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति व सीमित शैक्षणिक विकल्पों के कारण अधिकांश छात्र-छात्राएं इस स्थानीय शिक्षण संस्थानों पर ही निर्भर रहते हैं. परिषद द्वारा शीघ्र ही परीक्षा की तिथि, केंद्र व अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश जारी की जायेगी. मौके पर कॉलेज के प्राचार्य अवध बिहारी सिंह, वरीय शिक्षक डॉ राकेश कुमार सिंह, प्रोफेसर दिनेश कुमार, अवधेश तिवारी,अवधेश कुमार, पारसनाथ सिंह सहित कई कर्मचारी व कालेज के छात्र छात्राएं शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >