रामगढ़ में सड़क हादसे और ब्लैक स्पॉट बढ़े, दो माह में 31 लोगों की मौत

रामगढ़ जिले में सड़क हादसों के आंकड़े लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं.

सलाउद्दीन

रामगढ़.

रामगढ़ जिले में सड़क हादसों के आंकड़े लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं. इस वर्ष जनवरी और फरवरी माह में ही 34 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गयी., जिनमें 31 लोगों की मौत हो गयी और 19 लोग गंभीर रूप से घायल हुए. यह स्थिति बताती है कि जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चुनौतियां मौजूद हैं.

चिन्हित ब्लैक स्पॉट

एनएच 33 और एनएच 23 पर सात ब्लैक स्पॉट चिन्हित किये गये हैं, जहां सबसे अधिक दुर्घटनाएं होती हैं. इनमें प्रमुख स्थान शामिल हैं: चुटूपालू घाटी मोड़ और ढलान, पटेल चौक, कोठार रोबिन होटल के पास, मांडू के हेसागढ़ा क्षेत्र, गोला के मगनपुर मरघटिया, चोपादारू घाटी क्षेत्र इन स्थानों पर लगातार गंभीर दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों और प्रशासन की चिंता बढ़ गयी है.

दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण

विशेषज्ञों के अनुसार इन हादसों के पीछे खतरनाक मोड़ और घाटी क्षेत्र, ओवरलोडेड वाहन, तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग, पर्याप्त सुरक्षा उपायों की कमी प्रमुख कारण है.

दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पहल

सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर प्रशासन और संबंधित विभागों ने कई कार्य किये हैं. रोड विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार इन स्थानों पर दुर्घटनाओं के पीछे खतरनाक मोड़ व घाटी क्षेत्र, ओवरलोडेड वाहन, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना तथा पर्याप्त सुरक्षा उपायों की कमी प्रमुख कारण हैं. जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा इन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गयी है. नियमित पेट्रोलिंग बढ़ायी गयी है और चेतावनी संकेत बोर्ड लगाये गये हैं. इसके अलावा स्पीड कंट्रोल के लिए डिवाइडर व ब्रेकर का निर्माण किया गया है तथा जगह-जगह स्पीड मीटर भी लगाये गये हैं, ताकि दुर्घटनाओं को पहले ही रोका जा सके.

हालांकि, रामगढ़-रांची एनएच 33 के चुटूपालू घाटी में लगाए गए स्पीड मीटर अब तक चालू नहीं किए गए हैं. इसका उद्देश्य वाहनों की गति नियंत्रित करना और नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाना था, लेकिन उपकरण चालू न होने के कारण यह पहल प्रभावी साबित नहीं हो पा रही है.

एसडीओ अनुराग कुमार तिवारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जागरूकता के साथ-साथ प्रशासनिक कार्रवाई लगातार की जा रही है. उन्होंने कहा कि रोड विभाग द्वारा सड़कों के अलाइनमेंट समेत अन्य तकनीकी त्रुटियों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लायी जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash nath

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >