मेदिनीनगर (पलामू): पलामू जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीरता जताई है. दुर्घटना संभावित स्थलों की मैपिंग कर वहां विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी. साथ ही चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सड़क सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपाय प्राथमिकता के आधार पर लागू किये जाएंगे. मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए.
दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान कर करें प्रभावी उपाय
बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मौत होना अत्यंत दुखद है. दुर्घटनाओं को रोकने के लिए केवल कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान कर उनके आधार पर प्रभावी उपाय करना जरूरी है. उन्होंने अधिक दुर्घटनाओं वाले स्थलों को चिह्नित कर उनके लिए अलग से कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को पूरा करने को कहा.
बैठक में बताया गया कि अगस्त 2026 में जिले में कुल 20 सड़क दुर्घटनाएं हुईं. इनमें 12 लोगों की मौत हुई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हुए. वहीं, जनवरी से अगस्त 2026 तक जिले में 239 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई. इन हादसों में 172 लोगों की मौत हुई और 155 लोग गंभीर रूप से घायल हुए.
ये भी पढ़ें- 33 साल बाद गढ़वा में बढ़ेगी पुलिस की पहुंच, 3 नये थाने और यातायात थाना का प्रस्ताव
नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई तेज
सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की समीक्षा की गई. अगस्त में 67 चालान जारी कर 7 लाख 66 हजार 825 रुपये की राशि वसूली गई. बिना लाइसेंस वाहन चलाने, शराब के नशे में ड्राइविंग, बिना फिटनेस और परमिट वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट और बिना बीमा वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई. अगस्त में 45 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए. जनवरी से अगस्त 2026 तक कुल 1,690 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं. इनमें 1,466 मामले बिना हेलमेट वाहन चलाने से संबंधित हैं.
पांच ब्लैक स्पॉट पर होंगे सुरक्षा के जरूरी इंतजाम
बैठक में दुबियाखाड़, कंडा घाटी, लोहारा, पोखराहा और सतबरवा बाजार स्थित पांच ब्लैक स्पॉट की भी समीक्षा की गई. इन दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क सुरक्षा के जरूरी उपायों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया.
इन स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण, साइन बोर्ड, रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर, कन्वेक्स मिरर और बैरिकेडिंग सहित अन्य आवश्यक उपाय किए जाएंगे. उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया. साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई लगातार प्रभावी ढंग से जारी रखने को कहा. बैठक में पलामू एसपी कपिल चौधरी, डीटीओ प्रमोद कुमार, डीइओ संदीप कुमार, विधायक प्रतिनिधि, एसडीपीओ सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें- 4 दिन पहले आया था नया सिलेंडर, अचानक हुआ धमाका और क्षतिग्रस्त हो गया पूरा मकान
