हुसैनाबाद. केएस मल्टीफैसिलिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की शहर के जेपी चौक स्थित शराब दुकान में कार्यरत दुकान प्रभारी रोहित प्रजापति के द्वारा शराब बिक्री के सरकारी राजस्व का 16 लाख रुपये 97 हजार 822 रुपये गबन करने का मामला सामने आया है. इस संबंध में कंपनी के फील्ड ऑफिसर निरमेंद्र गुप्ता ने सरकारी शराब दुकान में कार्यरत पिपरा थाना के मधुबना गांव निवासी जेपी चौक शराब दुकान प्रभारी रोहित प्रजापति के खिलाफ हुसैनाबाद थाना को लिखित आवेदन देकर रुपये लेकर फरार होने का आरोप लगाया है. 14 अक्तूबर 2024 से दुकान प्रभारी के पद पर वह कार्यरत था. 17 फरवरी 2025 को क्षेत्र पर्यवेक्षक के द्वारा जांच के दौरान 16,97,822 रुपये कम पाये गये. जेएसबीसीएल द्वारा संचालित सरकारी शराब दुकान जेपी चौक, हुसैनाबाद से शराब की बिक्री राशि 16,97,822 गबन करने का आरोप लगाया गया है. आवेदन में रोहित प्रजापति के विरुद्ध कानून की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई कर सरकारी शराब दुकान का पैसा दिलाने का आग्रह किया गया है. फील्ड ऑफिसर ने आवेदन की प्रति उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अधीक्षक उत्पाद विभाग को भी दी है. हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
