सीआरपीएफ ने डगरा में लगाया सिविक एक्शन प्रोग्राम
नौडीहा : सोमवार को नौडीहा थाना क्षेत्र के डगरा हाई स्कूल परिसर में सीआरपीएफ ने शिविर लगाया. सीआरपीएफ कमाडेंट एडी शर्मा ने शिविर का उद्घाटन किया. उन्होंने बताया कि सिविक एक्शन प्रोगाम के तहत इस गांव में सीआरपीएफ ने शिविर लगाया है. शिविर में ग्रामीणों के बीच मच्छरदानी, कपड़ा वितरण किया जायेगा.
इसके अलावा कुशल चिकित्सक ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर दवा दी जायेगी. उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ का कार्य समाज में अमन चैन व शांति का वातावरण तैयार करना है. इसके अलावा सीआरपीएफ के जवान सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं, ताकि ग्रामीणों के साथ उनका गहरा जुड़ाव हो.
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को भयमुक्त होकर अपना काम करने की जरूरत है. किसी भी तरह की परेशानी हो, तो वे लोग पुलिस प्रशासन को सूचना दें. त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान किया जायेगा. आमजनों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना और शांति व्यवस्था कायम रखना ही महत्वपूर्ण कार्य है. इस कार्य में आमजनों के सहयोग की आवश्यकता है.
शिविर में 400 मच्छरदानी, 300 धोती-साड़ी का वितरण जरूरमंदों के बीच किया गया और 200 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर दवा दी गयी. मौके पर अभियान एसपी अरुण कुमार सिंह, थाना प्रभारी विरेंद्र पासवान, सीआरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार,राजमोहन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे.
