मेदिनीनगर : विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा की तैयारी पूरी हो गयी है. गुरुवार को विशेष रूप से मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की जायेगी. पलामू जिले के शहरी व ग्रामीण इलाकों में सरस्वती पूजा महोत्सव मनाया जा रहा है.शिक्षण संस्थानों के अलावा कई पूजा क्लब के लोग महोत्सव के आयोजन को लेकर सक्रिय हैं.
शहर के मुहल्लों की गलियों व गांवों के चौक-चौराहों पर मां सरस्वती की पूजा के लिए बच्चों ने तैयारी की है. मां सरस्वती की पूजा-अर्चना में छोटे बच्चे भी पूरी श्रद्धा के साथ सक्रिय हैं. वैसे स्कूल, कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थी क्लब का गठन कर पूजा की तैयारी में जुटे हैं. क्लब व पूजा संघ के लोग पूजा स्थल को सजाने में सक्रिय हैं. इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है. देर शाम तक पूजा संघ के लोगों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा को पूजा स्थल तक लाया गया.
निगम क्षेत्र के बैंक कॉलोनी में जीनियस स्टूडेंट क्लब द्वारा मां सरस्वती पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया है. इधर चैनपुर के वार्ड संख्या 35 पूरब मुहल्ला में मां सरस्वती पूजा क्लब ने महोत्सव का आयोजन किया है. क्लब के अध्यक्ष अंकित सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, वीर सिंह, अध्ययन राजवंश आदि सदस्य सक्रिय है.
