घटना रेहला थाना क्षेत्र अंतर्गत सिगसिगी गांव के झुरही टोला का
बम निरोधक दस्ते ने किया निष्क्रिय
रेहला : अज्ञात अपराधियों ने बम से घर सहित पूरे परिवार को उड़ाने की साजिश रची थी. लेकिन रेहला पुलिस के सक्रियता से एक बड़ी अप्रिय घटना टल गयी.मामला रेहला थाना क्षेत्र के सिगसिगी गांव का है. मिली जानकारी के अनुसार सिगसिगी गांव के झरहि टोला निवासी रामलखन महतो के घर अज्ञात अपराधियों ने चारों तरफ बम लगा दिया था.
अपराधियों की मंशा घर सहित पूरे परिवार को उड़ाने की थी. गृह स्वामी रामलखन महतो ने अपने घर के चारों तरफ हरे रंग का तार देखा, तो इसकी खबर रेहला पुलिस को दी. रेहला थाना प्रभारी अभिजीत गौतम मिश्रा ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल सिगसिगी पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि घर के चारों तरफ तार बिछा हुआ है और इन तारों का संपर्क चारों कोने पर लगे जिलेटिन से जुड़ा हुआ है. श्री मिश्रा ने तत्काल इसकी सूचना जिला पुलिस मुख्यालय को दी.
पुलिस मुख्यालय से बम निरोधक दस्ता भेजा गया. इसी बम निरोधी दस्ते ने बम को निष्क्रिय कर के अपने कब्जे में लिया. थाना प्रभारी अभिजीत गौतम मिश्रा ने बताया कि चारों कोने पर बरामद बमों की संख्या 40 है. अगर सभी बम एक साथ विस्फोट करता तो व्यापक पैमाने पर जान-माल की क्षति हो सकती थी. उन्होंने कहा कि पुलिस आपसी रंजिश सहित सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
