प्रशासन ने की तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था
सीसीटीवी से की जायेगी निगरानी
टेबुलवार मिले मतों की जानकारी अॉनलाइन दी जायेगी
मेदिनीनगर : 23 दिसंबर को होने वाली मतगणना की तैयारी में जिला प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ जुट गया है. मतगणना को लेकर मतगणना कर्मियों को दो चरणों का प्रशिक्षण दे दिया गया है. अंतिम प्रशिक्षण 20 दिसंबर को होगा. मतगणना 23 दिसंबर को सुबह आठ बजे से शुरू होगी.
बुधवार को उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि ने मतगणना को लेकर की गयी तैयारी की जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी. डीसी डॉ अग्रहरि ने बताया कि मतगणना केंद्र में सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम किये गये हैं.
मतगणना केंद्र बैरिया के बाजार समिति में तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था है. पहले स्तर पर सीआरपीएफ की तैनाती की गयी है. दूसरे लेयर में जैप व तीसरे लेयर में जिला पुलिस बल के जवानों की तैनाती की गयी है. सीसीटीवी से भी निगरानी की जा रही है. 24 घंटे रिकॉर्डिंग की जा रही है. डीसी ने बताया कि आठ बजे से मतगणना का कार्य शुरू होगा.
सबसे पहले पोस्टर बैलेट, सर्विंस वोटर के मतों की गिनती होगी. उसके बाद इवीएम से मतों की गिनती होगी. इस बार टेबुलवार मिले मतों की जानकारी भी अॉनलाइन दी जायेगी. किस प्रत्याशी को किस टेबुल पर कितने मत मिले, यह भी ऑनलाइन होगा. पूरे मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराया जायेगी.
मतगणना निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से संपन्न हो, इसके लिए आयोग के आदेश के आलोक में सभी तैयारी की जा रही है. मतगणना के दिन मतगणना केंद्र के अलावा शहर व ग्रामीण इलाकों में भी अलग-अलग गश्ती दल बनाये गये हैं, ताकि विधि व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न हो.
डीसी डॉ अग्रहरि ने कहा कि जो भी व्यक्ति विधि व्यवस्था में संकट उत्पन्न करने का प्रयास करेंगे, उनके खिलाफ तत्काल विधि सम्मत कार्रवाई होगी. डीसी डॉ अग्रहरि ने बताया कि बैरिया चौक व जेएस कॉलेज के पास ही वाहन ले जाने की इजाजत होगी. उसके बाद का इलाके को फुटजोन घोषित किया गया है. इस इलाके में लोग पैदल ही जा सकते है. साथ ही वैसे लोगों को ही इंट्री मिलेगी, जिनके पास पास होगा.
