2014 के पहले झारखंड में छह मासी, 12 मासी मुख्यमंत्री हुआ करते थे
हरिहरगंज : राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के हरिहरगंज के सीता हाई स्कूल मैदान में भाजपा समर्थित प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह के पक्ष में चुनावी सभा की.
सभा में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि पांच साल में परिस्थिति काफी बदल गयी है. 2014 के पहले झारखंड में छह मासी, 12 मासी मुख्यमंत्री हुआ करते थे. सरकार में स्थायित्व नहीं होने के कारण बड़े निर्णय नहीं हो पाते थे. कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनाकर लूट खसोट को बढ़ावा देने में लगी थी.
लेकिन 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर राज्य में भाजपा को पूर्ण बहुमत देकर स्थायी सरकार बनायी. स्थायी सरकार ने पांच वर्षों में झारखंड की सकारात्मक छवि बनायी. आज पूरे देश में झारखंड का नाम विकास के मामले में लिया जाता है. झारखंड उग्रवाद मुक्त राज्य बनने की ओर है. भय का वातावरण दूर हुआ है.
मुख्यमंत्री श्री दास ने लोगों से हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा समर्थित प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील लोगों से की. कहा कि विनोद कुमार सिंह भाजपा के समर्पित, निष्ठावान कार्यकर्ता है. पार्टी के आदेश पर ही वह चुनाव लड़ रहे हैं. जिस तरह 2014 में स्थायी सरकार का जनादेश मिला. 2019 के चुनाव में भी भाजपा को जनता का आशीर्वाद मिलेगा. डबल इंजन की सरकार बनने से राज्य में विकास व भय मुक्त वातावरण कायम रहेगा. मुख्यमंत्री ने सरकार के पिछले पांच साल के उपलब्धियों पर प्रकाश डाला. कहा कि भाजपा जनता के समस्याओं का समाधान करेगी.
क्योंकि झारखंड को पूरी दुनिया के विकसित राज्य के श्रेणी में लाकर खड़ा करना है. इसके लिए भाजपा की सरकार जरूरी है. जनता के आशीर्वाद से राज्य में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी. हुसैनाबाद के भाजपा समर्थित प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह ने कहा कि वह भाजपा के समर्पित सिपाही है. राज्य में फिर से भाजपा की सरकार बनानी है. इसमें 65 प्लस के लक्ष्य को पूरा करने में हुसैनाबाद की जनता का भी आशीर्वाद भाजपा के साथ है.
उन्होंने कहा कि जनता किसी के बहकावे में आने वाली नहीं है. क्योंकि जनता विकास के मुद्दे पर भाजपा के साथ खड़ी है. सभा का संचालन भाजपा मंडल अध्यक्ष विमलेश कुमार यादव ने किया. इस मौके पर भाजपा प्रदेश मंत्री मनोज सिंह, चंदौली के विधायक सुशील सिंह, पूर्व सांसद मनोज भुइयां, माटीकला बोर्ड के सदस्य अविनाश देव,रविशंकर सिंह उर्फ बबुआ जी सहित कई लोग मौजूद थे.
