20 मार्च तक सभी अनुज्ञप्तिधारियों को अपना लाइसेंसी हथियार थाना में जमा करना था,53 लोगों की सूची जारी
मेदिनीनगर : पलामू जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि ने लोकसभा चुनाव 2019 को शांतिपूर्ण वातावरण में स्वच्छ मतदान कराने का संकल्प लिया है. इसे लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता व सक्रियता के साथ काम कर रही है. लोकसभा चुनाव को लेकर उपायुक्त डॉ अग्रहरि ने पलामू जिले के सभी अनुज्ञप्तिधारियों को अपना हथियार थाना में जमा करने का निर्देश दिया था.
20 मार्च तक सभी अनुज्ञप्तिधारियों को अपना लाइसेंसी हथियार थाना में जमा करना था. लेकिन जिले के 53 अनुज्ञप्तिधारियों ने अपना लाइसेंसी हथियार थाना में जमा नहीं किया. इसके बाद उपायुक्त के निर्देश के आलोक में इन लोगों को हथियार जमा करने के लिए रिमाइंडर दिया गया.
इसके बाद भी उनलोगों ने अपना हथियार थाना में जमा करना मुनासिब नहीं समझा. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त डॉ अग्रहरि ने जिले के 53 हथियार अनुज्ञप्तिधारियों के हथियार का लाइसेंस रद्द करने का निर्देश दिया. इसके बाद इन लोगों के हथियार का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी. इसके बाद वैसे 53 लोगों का हथियार अवैध माना जायेगा.
