प्रतिनिधि, महेशपुर. थाना क्षेत्र के सीलमपुर गांव स्थित चावल गोदाम के समीप सोमवार की शाम तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े हाइवा ट्रेलर से जा टकरायी. हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी.
बड़कियारी से महेशपुर आ रहे थे तीनों युवक
जानकारी के अनुसार, बाइक संख्या जेएच 10 एवी 3251 पर महेशपुर-धर्मखांपाड़ा गांव निवासी अरमान शेख, ओबाईदुल शेख और पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के सोहन अली सवार थे. तीनों बड़कियारी से बाइक पर सवार होकर महेशपुर की ओर आ रहे थे.
इसी दौरान सीलमपुर गांव के समीप चावल गोदाम के पास सड़क किनारे टाइल्स लदा हाइवा ट्रेलर संख्या एनएल 01 एन 0971 खड़ा था. तेज रफ्तार होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गयी और सीधे हाइवा से जा टकरायी.
तीनों की हालत गंभीर, पश्चिम बंगाल रेफर
टक्कर में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए महेशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों का प्राथमिक उपचार किया. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने बाइक जब्त कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही महेशपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया. पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों और हाइवा के सड़क किनारे खड़े होने को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है.
