प्रतिनिधि, पाकुड़. शहर के एलीट पब्लिक स्कूल में गुरुवार को रक्षाबंधन एवं सावन महोत्सव का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया. सावन की हरियाली, रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान और हाथों में सजी आकर्षक राखियों के बीच विद्यालय परिसर सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने लोकगीत, लोकनृत्य और कविता की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया.
लोकगीत और लोकनृत्य ने बांधा समां
सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सावन और रक्षाबंधन की थीम पर आधारित लोकगीत, लोकनृत्य और कविताएं प्रस्तुत कीं. बच्चों की प्रस्तुतियों पर विद्यालय परिसर तालियों से गूंज उठा. विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का संदेश दिया.
राखी, कार्ड और मेहंदी में दिखी रचनात्मकता
समारोह के दौरान राखी मेकिंग, कार्ड मेकिंग और मेहंदी जैसी रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गयीं. विद्यार्थियों ने स्वयं रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियां तैयार कीं. बच्चों द्वारा बनाये गये राखियों और कार्डों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया.
राखी बांधने, तिलक लगाने और मिठाई खिलाने की गतिविधियों ने समारोह को और भी खास बना दिया. छात्राओं ने एक-दूसरे को राखी बांधी, जबकि राखी बंधवाने वाले विद्यार्थियों ने बहनों की रक्षा और सम्मान का संकल्प लिया.
त्योहार जीवन मूल्यों की पाठशाला
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक अरविंद साह ने कहा कि त्योहार केवल परंपराएं नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों की पाठशाला हैं. रक्षाबंधन हमें रिश्तों की गरिमा, प्रेम, विश्वास, सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश देता है.
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने स्वयं राखियां तैयार की हैं और समारोह में उन्हीं राखियों का उपयोग किया गया. इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को भी निखारते हैं.
मौके पर विद्यालय के उपनिदेशक अनुपम आनंद, प्राचार्य अभिजीत राय समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहें.
