प्रतिनिधि, पाकुड़. पुलिस प्रशासन ने दुर्गापूजा में असामाजिक तत्वों से निबटने के लिए तैयारी पूरी कर ली है. एसडीपीओ दयानंद आजाद के नेतृत्व में शनिवार को मौलाना चौक पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. इस दौरान भीड़ नियंत्रण, आगजनी से निबटने और शांति व विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभ्यास किया गया. मौके पर अग्निशमन वाहन मौजूद थे. मॉक ड्रिल में पुलिस बल को हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर और लाठी आदि से लैस किया गया था, जिनका उपयोग भीड़ को नियंत्रित करने के लिए किया गया. पुलिस प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे. एसडीपीओ ने बताया कि दुर्गापूजा शांतिपूर्ण तरीके से मनाने को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है. असामाजिक तत्वों से निबटने के लिए तैयार ंहै. उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने में पुलिस प्रशासन हमेशा आपके साथ है. यदि किसी प्रकार की कोई परेशानी होती है तो इसकी सूचना जिला नियंत्रण कक्ष व स्थानीय थाने को दें. पुलिस सक्रिय मोड में रह रही है. कहा कि पर्व में अशांति फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बक्सा नहीं जायेगा. आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. भीड़ भाड़ वाले इलाकों में पुलिस सादे लिबास में रहेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
