पाकुड़. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की ‘पेंशन प्रयास’ (PRAYAAS) पहल के तहत कर्मचारी पेंशन योजना (ईपीएस) के सेवानिवृत्त सदस्य संदीप कुमार झा को मंगलवार को पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) प्रदान किया गया. अगस्त माह में सेवानिवृत्त हुए संदीप कुमार झा को सेवानिवृत्ति माह में ही पीपीओ मिलने पर सम्मानित भी किया गया. कार्यक्रम सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बलिहारपुर के प्रांगण में आयोजित हुआ.
सेवानिवृत्ति माह में मिला पीपीओ
जिला कार्यालय, साहिबगंज के प्रवर्तन अधिकारी अमित कुमार ने संदीप कुमार झा को पीपीओ सौंपा. इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों को पेंशन प्रयास पहल के बारे में जानकारी दी गयी.
सेवानिवृत्ति के दिन पीपीओ जारी करने का प्रयास
अमित कुमार ने बताया कि ईपीएफओ की पेंशन प्रयास पहल क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I शारिक तनवीर के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है. क्षेत्रीय कार्यालय रांची के अधीन आने वाले संस्थानों के कर्मचारियों को इसका लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि पेंशन प्रयास के तहत सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को उनकी सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन भुगतान आदेश जारी करने का प्रयास किया जाता है. इसके लिए ईपीएफओ, नियोक्ता और कर्मचारियों के बीच समन्वय स्थापित किया जाता है.
एक से दो माह पहले शुरू हो जाती है प्रक्रिया
सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सूची नियोक्ताओं को करीब एक से दो माह पहले ई-मेल के माध्यम से भेजी जाती है. इसके बाद संभावित लाभार्थियों की पहचान, दस्तावेजों की जांच, दावा आवेदन में मार्गदर्शन और आवेदन के त्वरित निष्पादन की प्रक्रिया पूरी की जाती है.
‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम से भी दी जाती है जानकारी
अमित कुमार ने बताया कि ‘निधि आपके निकट (NAN) 2.0’ कार्यक्रम, वेबिनार और फोन के माध्यम से भी कर्मचारियों एवं नियोक्ताओं को पेंशन प्रयास पहल की जानकारी दी जाती है. इसका उद्देश्य सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को समय पर पेंशन का लाभ उपलब्ध कराना है.
