अधिकारियों ने विभिन्न प्रखंडों व नगर परिषद क्षेत्र के कैंपों का किया निरीक्षण, पाकुड़ में एसआईआर के काम में तेजी

पाकुड़ में मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य का वरीय पदाधिकारियों ने निरीक्षण किया. समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य पूरा करने के लिए दिए गए कड़े निर्देश.

संवाददाता, पाकुड़ : मतदाता सूची को अधिक सुदृढ़, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत जिले में चल रहे डिजिटाइजेशन अभियान को गति देने के लिए रविवार को विभिन्न प्रखंडों और नगर परिषद क्षेत्र में विशेष कैंप लगाए गए. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर कैंपों का निरीक्षण किया और कार्यों की समीक्षा की. लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिट्टीपाड़ा प्रखंड में अनुमंडल पदाधिकारी, हिरणपुर में जिला पंचायत राज पदाधिकारी तथा अमड़ापाड़ा में आईटीडीए परियोजना निदेशक ने निरीक्षण किया.

पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पाकुड़ प्रखंड में उप विकास आयुक्त और नगर परिषद क्षेत्र में उप निर्वाचन पदाधिकारी ने डिजिटाइजेशन कार्य का जायजा लिया. वहीं महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के महेशपुर प्रखंड में जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा पाकुड़िया प्रखंड में भूमि सुधार उप समाहर्ता ने कैंपों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान बीएलओ, सुपरवाइजर और संबंधित कर्मियों द्वारा किए जा रहे मतदाता प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई.

अधिकारियों ने डेटा एंट्री की शुद्धता, कार्य की गुणवत्ता और गति बनाए रखने पर जोर देते हुए प्रत्येक मतदाता की जानकारी का डिजिटाइजेशन पूरी सावधानी और पारदर्शिता के साथ करने का निर्देश दिया. उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को डिजिटाइजेशन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सही और अद्यतन रूप में दर्ज हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >