28 से 30 अगस्त तक चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान, ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ होगी थीम
पाकुड़ : राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के आयोजन को लेकर जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार ने बुधवार को जिले में संचालित डे बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र एवं खेलो इंडिया प्रशिक्षण केंद्रों के प्रशिक्षकों के साथ बैठक की. बैठक में 28 से 30 अगस्त तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई. इस वर्ष अभियान ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम पर आयोजित होगा.
‘एक घंटा खेल के मैदान में’ होगा अभियान का संदेश
राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को मनाया जाता है. इस वर्ष अभियान का मुख्य संदेश ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ रखा गया है. इसके माध्यम से लोगों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटे खेल एवं शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा.
प्रशिक्षण केंद्रों में अधिकतम सहभागिता पर जोर
बैठक में जिला खेल पदाधिकारी ने सभी प्रशिक्षकों को अपने-अपने प्रशिक्षण केंद्रों में खिलाड़ियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने विभिन्न खेल गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ युवाओं और आमजनों को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया.
खेल से अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा
जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस केवल खिलाड़ियों का उत्सव नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को खेल, फिटनेस और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने का अवसर है. खेल से अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलता है.
एसओपी के अनुरूप होंगे कार्यक्रम
बैठक में प्रशिक्षकों को खेल मंत्रालय की एसओपी के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित करने तथा समन्वय, सहभागिता और अनुशासन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
