नगर प्रतिनिधि, पाकुड़. मदर टेरेसा की जयंती पर बुधवार को पाकुड़ में श्रद्धा और सम्मान के साथ उनका जन्मोत्सव मनाया गया. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मदर टेरेसा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किये और उनके जीवन तथा सेवा कार्यों को याद किया. इस दौरान लोगों ने मानव सेवा, शांति, प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया.
गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा को बताया सच्ची श्रद्धांजलि
रेव. स्टीफन सोरेन ने कहा कि मदर टेरेसा ने अपना पूरा जीवन गरीबों, असहायों और जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित कर दिया. उन्होंने जाति, धर्म और समुदाय का भेद किये बिना जरूरतमंद लोगों की सहायता की. उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है. उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर जरूरतमंदों की सेवा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
त्याग और करुणा की मिसाल थीं मदर टेरेसा
फादर कॉर्नेलियस हेम्ब्रम ने कहा कि मदर टेरेसा का जीवन त्याग, करुणा और मानवता की मिसाल है. उन्होंने समाज के उन लोगों के बीच काम किया, जिन्हें मदद और सहारे की सबसे अधिक जरूरत थी. आज भी उनके विचार लोगों को मानवता की सेवा और समाज में आपसी सद्भाव कायम रखने के लिए प्रेरित करते हैं.
उन्होंने लोगों से गरीब और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की.
कार्यक्रम में वार्ड संख्या 3 की पार्षद किरण लाल कापरी, वार्ड संख्या 1 के पार्षद मिथुन मरांडी, धनुषपूजा की ग्राम प्रधान सूरजमुनि हेम्ब्रम, युवा समाजसेवी रोहित हेम्ब्रम समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने मदर टेरेसा के सेवा और मानवता के संदेश को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया.
