पाकुड़ : जिले के मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र में चार वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो नाबालिगों को निरुद्ध कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को दुमका स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
खेलते समय बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर करीब 11:30 से 12 बजे के बीच की बतायी जा रही है। बच्ची घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान पास में रहने वाले दो नाबालिग उसे बहला-फुसलाकर एक निर्माणाधीन मकान में ले गये, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
रोते हुए घर पहुंची बच्ची, परिजनों को बतायी पूरी बात
घटना के बाद बच्ची रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बतायी। वहीं, गांव की एक महिला ने भी दोनों नाबालिगों को बच्ची के साथ निर्माणाधीन मकान की ओर जाते हुए देखा था।
मेडिकल जांच के लिए दुमका भेजी गयी बच्ची
घटना के बाद परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बच्ची को मेडिकल जांच के लिए दुमका भेजा। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बतायी जा रही है।
परिजनों के आवेदन पर दर्ज हुआ मामला
मालपहाड़ी ओपी प्रभारी राहुल कुमार गुप्ता ने बताया कि पीड़िता के परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों नाबालिगों को निरुद्ध कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत दुमका स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
