रबी फसल के लिए किसानों को समय पर उपलब्ध करायें बीज : डीसी

पाकुड़. समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में कृषि एवं संबद्ध विभागों की बैठक हुई.

डीसी ने की कृषि एवं संबद्ध विभागों के साथ की बैठक

नगर प्रतिनिधि, पाकुड़. समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में कृषि एवं संबद्ध विभागों की बैठक हुई. बैठक में रबी मौसम की तैयारी, बीज वितरण, फसल की सुरक्षा, मत्स्य, उद्यान पशुपालन की योजनाओं में प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने रबी मौसम के लिए बिरसा बीज विनिमय, वितरण एवं बीजोत्पादन योजना अंतर्गत बीज की उपलब्धता की समीक्षा की. इस दौरान डीएओ मृत्युंजय कुमार ने जानकारी दी कि जिले को गेहूं का बीज- 2200 क्विंटल, चने का 200 क्विंटल एवं सरसों का 50 क्विंटल आवंटित किया गया है. इसके विरुद्ध अब तक गेहूं बीज 2150 क्विंटल, चना-170 क्विंटल एवं सरसों 50 क्विंटल 50 प्रतिशत कृषक अंशदान के समतुल्य राशि बीज आपूर्तिकर्ता कंपनियों को लैंप्स, एफपीओ एवं प्राइवेट विक्रेताओं के माध्यम से भेजी जा चुकी है. शीघ्र ही जिले के किसानों के लिए पर्याप्त बीज उपलब्ध हो जायेगा. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों में ससमय बीज उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें. पारदर्शिता पूर्वक बीज का वितरण करें. उन्होंने बिरसा फसल विस्तार योजना एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन अंतर्गत शत-प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध बीजों को पीवीटीजी, एससी एवं एसटी समुदायों को प्राथमिकता देते हुए क्लस्टर आधारित वितरण करें. साथ ही बीज के साथ उपादान एवं कीटनाशक आदि का क्रय निविदा प्रक्रिया शीघ्र संपन्न कर किसानों को उपलब्ध करायें. फसल सुरक्षा एवं आम्लिक मिट्टी सुधार योजना की समीक्षा करते हुए उ���ायुक्त ने कहा कि योजना अंतर्गत आवश्यक उपादानों का शीघ्र निविदा के माध्यम से क्रय कर वितरण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कृषि एवं आत्मा योजना अंतर्गत अंतरराज्यीय प्रशिक्षण एवं परिभ्रमण कार्यक्रमों के लिए देश के प्रतिष्ठित कृषि संस्थानों से समन्वय स्थापित कर किसानों को भेजने का निर्देश दिया. मृदा स्वास्थ्य एवं उर्वरता योजना की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड सृजन एवं वितरण के लक्ष्य को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया. किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुशंसा के अनुसार उर्वरकों के संतुलित उपयोग के लिए प्रेरित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा.

कृषक पाठशाला के कार्य में तेजी लाने का निर्देश

समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना सह कृषक पाठशाला, चितलो फार्म, लिट्टीपाड़ा के संचालनकर्ता संस्था स्कोप एग्री प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. पूर्ण कार्य का बिल एक सप्ताह के अंदर जिलास्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया. इसके अतिरिक्त झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना, प्रति बूंद अधिक फसल योजना, एग्री क्लिनिक योजना एवं किसान समृद्धि योजना की समीक्षा करते हुए डीएओ को कई निर्देश दिए.

वेद व्यास योजना में लाभुकों का चयन शीघ्र करें पूर्ण

मत्स्य की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने वेद व्यास योजना के लाभुकों का चयन एवं सत्यापन का कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश जिला मत्स्य पदाधिकारी को दिया. साथ ही प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के लक्ष्य के अनुरूप लाभुकों का चयन पूर्ण करने एवं मत्स्य बीज उत्पादकों के बीच शीघ्र स्पॉन वितरण का भी निर्देश दिया. उपायुक्त ने उद्यान विकास योजना अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की जांच कर चयनित लाभुकों को मशरूम की खेती, माली प्रशिक्षण, ओल, अदरक तथा फूल की खेती का प्रशिक्षण एवं किट वितरण सुनिश्चित करने का भी निर्देश जिला उद्यान पदाधिकारी को दिया.

लंबित केसीसी को जल्द स्वीकृति करने का दिया निर्देश

पशुपालन एवं गव्य प्रभाग की समीक्षा में उपायुक्त ने बकरी पालन, बत्तख पालन, मुर्गा पालन एवं गौ पालन योजनाओं के लाभुकों के चयन को प्रखंड एवं जिला स्तरीय समितियों से अनुमोदन कराते हुए योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया. बैठक में बैंकिंग सेक्टर की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि लंबित एवं लौटाए गए केसीसी आवेदनों की पुनः जांच कर शीघ्र स्वीकृति सुनिश्चित करें. साथ ही पीएमइजीपी, पीएम स्वनिधि सहित अन्य महत्वपूर्ण ऋण योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत करने का भी निर्देश दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sanu kumar dutta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >