अमड़ापाड़ा : मुख्य बाजार स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में मंगलवार की देर शाम ब्याहुत कलवार समाज की बैठक हुई. बैठक में समाज के कुलदेवता भगवान बलभद्र की पूजा-अर्चना को लेकर विचार-विमर्श किया गया. सर्वसम्मति से 23 सितंबर को दुर्गा मंदिर परिसर में भगवान बलभद्र की पूजा आयोजित करने का निर्णय लिया गया.
सुबह होगी पूजा, दोपहर में महाप्रसाद
समाज के सदस्यों ने बताया कि पूजा सुबह 10 बजे से शुरू होगी. इसके बाद दोपहर एक बजे से महाप्रसाद का वितरण किया जायेगा. बैठक में पिछले वर्ष आयोजित पूजा समारोह के आय-व्यय का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया गया.
प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान
बैठक में समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया. विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित समाज के छात्र-छात्राओं को समारोह के दौरान सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया जायेगा. वहीं, 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को भी सम्मानित किया जायेगा.
विकास के लिए बनेगा विचार मंच
समाज के विकास और उत्थान को लेकर विचार मंच बनाने पर भी सहमति बनी. मंच के माध्यम से समाज के सदस्य अपने विचार, सुझाव और समस्याएं रख सकेंगे. सदस्यों ने कहा कि सामूहिक प्रयास से समाज को और सशक्त बनाया जा सकता है.
ये रहे मौजूद
बैठक में बबलू भगत, उमानाथ प्रसाद, राहुल कुमार, सुमन कुमार, विजय भगत, दशरथ भगत, श्रवण भगत समेत समाज के कई सदस्य उपस्थित थे.
