पाकुड़ : झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में भाजपा ने बुधवार को पाकुड़ में आक्रोश रैली निकाली. लड्डू बाबू आम बागान से निकली रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए. रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए समाहरणालय पहुंची. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग की.
बाबूलाल मरांडी ने उठायी जांच की मांग
समाहरणालय के बाहर आयोजित सभा को भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने संबोधित किया. उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों मेहनत की है. ऐसे में परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है. उन्होंने झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में सामने आयी कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो से कराने की मांग की.
छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों पर मुकदमा दर्ज कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास नहीं होना चाहिए. आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमों को सरकार अविलंब वापस ले. उन्होंने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए और यदि किसी अधिकारी या आयोग के जिम्मेदार पदाधिकारी की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई हो.
आयोग के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के बाद भाजपा के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम ज्ञापन सौंपा. इसमें प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन करने वाले छात्रों पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की मांग की गयी. साथ ही झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित, रद्द अथवा स्थगित परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की केंद्रीय जांच ब्यूरो से जांच कराने की अनुशंसा करने को कहा गया.
भाजपा ने मांग की कि परीक्षा धांधली के मामले में केवल कनिष्ठ कर्मचारियों पर कार्रवाई तक मामला सीमित नहीं रहे. आयोग के जिम्मेदार सदस्यों और संबंधित वरीय अधिकारियों की भूमिका की भी जांच हो तथा दोषी पाये जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.
चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
भाजपा नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर पार्टी पीछे नहीं हटेगी. छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिये गये और परीक्षा धांधली की निष्पक्ष जांच नहीं करायी गयी, तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी. कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दिनेश मरांडी, भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू, रूपेश भगत सहित पार्टी के प्रदेश स्तरीय नेता, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.
